
NewDelhi : लोकसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार को डीडी न्यूज और इसके क्षेत्रीय चैनलों पर सबसे ज्यादा कवरेज मिली . सबसे ज्यादा कवरेज मिलने के मामले में दूसरे नंबर पर कांग्रेस हैं. शुक्रवार को राष्ट्रीय न्यूज प्रसारणकर्ता ने चुनाव आयोग को यह जानकारी दी. इंडियन एक्सप्रेस ने सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया कि डीडी न्यूज ने अपनी रिपोर्ट में जोर देकर कहा है कि किसी एक पार्टी को दूसरे के मुकाबले फायदा नहीं दिया गया है. बता दें कि प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस के आरोप के आलोक में चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक दलों को प्रदान किये गये एयरटाइम पर चैनल से रिपोर्ट मांगी थी. कांग्रेस ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि डीडी न्यूज सत्तारूढ़ भाजपा को ज्यादा तरजीह दे रहा है. इससे पूर्व सीपीआई(एम) के महासचिव सीताराम येचुरी ने पोल पैनल से यही मांग की थी.
इसे भी पढ़ेंः कांग्रेस पहुंची चुनाव आयोग, अमित शाह की उम्मीदवारी खारिज करने की मांग
डीडी न्यूज के सोशल मीडिया अकाउंट ट्विटर पर प्रमोट भी किया गया
येचुरी ने कहा कि पोल पैलन दूरदर्शन और ऑल इंडिया रेडियो से राजनीतिक नेताओं के भाषणों और बयानों को प्रमुखता से प्रसारित करने का आदेश दे, क्योंकि इन्होंने एंटी सैटेलाइट मिसाइल के सफल परीक्षण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संदेश को प्रमुखता से प्रसारित किया था. चुनाव आयोग ने डीडी न्यूज से 31 मार्च, 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक कार्यक्रम मैं भी चौकीदार को लगातार एक घंटे तक प्रसारित करने के मामले में भी स्पष्टीकरण देने कहा है. कांग्रेस ने अपनी शिकायत में कहा था कि प्रसारण का एकमात्र कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों को बढ़ावा देना था. उनकी चुनावी टैगलाइन को उचित ठहराना था. विपक्षी पार्टी ने आरोप लगाया कि मोदी के कार्यक्रम को डीडी न्यूज ने लाइव दिखाया. यूट्यूब चैनल पर भी दिखाया और डीडी न्यूज के सोशल मीडिया अकाउंट ट्विटर पर इसे प्रमोट भी किया गया.




