
Washington: दुनिया पर कोरोना का कहर जारी है. विश्व का शक्तिशाली देश कहलाने वाला अमेरिका इससे बुरी तरह से प्रभावित है. वहीं एक अनुमान में जो दावे किये गये हैं, अगर वो सही होते हैं तो अमेरिका के लिए आनेवाले दिनों में संक्रमण की परेशानी बहुत बढ़ सकती है.
अमेरिका में एक नए अनुमान में कोरोना वायरस के प्रकोप की देश में शुरुआत के बाद से करीब दो करोड़ लोगों के इससे संक्रमित होने का दावा किया गया है. इस दावे के अनुसार बड़ी आबादी पर खतरा मंडरा रहा है.
इसे भी पढ़ेंःविदेश मंत्रालय ने पहली बार स्वीकारा- मई की शुरुआत में ही एलएसी पर बिगड़े थे हालात
दो करोड़ लोग हो सकते हैं संक्रमित!
संक्रमितों की संख्या का नया अनुमान देशभर से एकत्रित किए गए ब्लड सैंपल के सीडीसी के अध्ययनों पर आधारित है. इनमें से कुछ सैंपल सीडीसी और कुछ अन्य ‘ब्लड डोनेशन’ या अन्य स्रोतों से लिए गए हैं. बता दें कि अमेरिका में फिलहाल कोविड-19 के 23 लाख कन्फर्म केस हैं, और इसकी तुलना में यह आंकडा करीब दस गुना ज्यादा है. अधिकारी काफी समय से यह कहते आ रहे हैं कि कई लाख लोगों को उनके संक्रमित होने का एहसास ही नहीं हुआ और जांच की कमी के कारण भी कई मामले सामने नहीं आ पाए.
रोग नियंत्रण और रोकथाम केन्द्र के निदेशक डॉ. रॉबर्ट रेडफील्ड ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा, यह स्पष्ट है कि देश में बहुत लोगों पर खतरा मंडरा रहा है. इन नए अनुमानित आंकड़ों के अनुसार, करीब 33.1 करोड़ की आबादी वाले देश में दो करोड़ लोगों का संक्रमित होना मतलब देश में छह प्रतिशत लोग इसकी चपेट में आए हैं.
इससे पहले, सीडीसी के अधिकारी और देश के शीर्ष संक्रामक रोग विशेषज्ञ, डॉ. एंथनी फाउची ने कहा था, ‘अभी हमारा सबसे सटीक अनुमान यह है कि हर पुष्ट मामले पर वास्तव में अतिरिक्त 10 मामले हैं.’ उन्होंने कहा था कि कम से कम 25 प्रतिशत संक्रमितों में शायद कोई लक्षण ही ना दिखे.
यह खबर ऐसे समय में सामने आई है जब करीब एक दर्जन राज्यों मे कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन लोगों की चिंता कम करने की कोशिश कर रहा है.
इसे भी पढ़ेंःदेश में Corona केस पहुंचा 5 लाख के करीब, एक दिन में 17 हजार से अधिक केस




