
Ranchi: प्राइवेट एवं सरकारी वाहनों पर अपने पद के नाम का बोर्ड लगाकर घूमने वालों पर रोकथाम को लेकर गजाला तनवीर की जनहित याचिका की सुनवाई बुधवार को झारखंड हाईकोर्ट में हुई. हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस संजय कुमार मिश्र की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने मामले में राज्य सरकार से स्टेटस रिपोर्ट मांगा है.

कोर्ट ने राज्य सरकार से पूछा है कि वाहनों से पद के नाम का बोर्ड हटाने को लेकर क्या कार्रवाई हुई, कितने बोर्ड हटाए गए. सरकार की नोटिफिकेशन के आलोक में कितनो पर कार्रवाई की गई. इससे पूर्व राज्य सरकार की ओर से बताया गया कि किन-किन लोगों को बोर्ड लगाना है इससे संबंधित वर्ष 2021 में सरकार की ओर से नोटिफिकेशन जारी किया गया है. इसे लेकर समाचार पत्रों, सरकार के विभागों, विधानसभा एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को जागरूक किया गया है. सरकार के रेगुलेशन में बताया गया है कि प्राइवेट या सरकारी वाहनों पर बोर्ड लगाने के लिए कौन लोग अधिकृत है, इनके अलावा अन्य के वाहनों पर नेम प्लेट या पदनाम का बोर्ड लगाना प्रतिबंधित है. पूर्व में मामले में सरकार ने शपथ पत्र दाखिल कर कोर्ट को बताया था कि वाहनों में नेम प्लेट लगाने को लेकर पहले कोई नियम नहीं बना हुआ था, लेकिन वर्ष 2021 में सरकार ने एक नोटिफिकेशन जारी किया है जिसमें यह निर्धारित किया गया है कि कौन-कौन अधिकृत लोग सरकारी वाहनों पर अपना पदनाम का बोर्ड लगा सकते हैं. कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई अप्रैल माह में निर्धारित की.
बता दें कि गजाला तनवीर ने जनहित याचिका दाखिल कर कहा है कि वाहनों में पदनाम का प्लेट लगाकर लोग वीआईपी कल्चर को प्रमोट कर रहे हैं. लोग सड़कों पर रौब जमाने के लिए अपने वाहनों पर किसी संस्था के पदधारी या राजनीतिक पार्टी या विभागीय अधिकारी आदि का पदनाम लगाकर घूमते हैं और वह इसका फायदा वे ट्रैफिक रूल के उल्लंघन में उठाते हैं.
इसे भी पढ़ें: हाईकोर्ट ने एसिड पीड़िता के मामले में गठित किया 2 सदस्यीय पैनल, पीड़िता की वर्तमान स्थिति और मुआवजा पर मांगी जानकारी




