JharkhandNationalNEWSRanchiSports

कल्याण चौबे बने भारतीय फुटबॉल के नए बॉस,अध्यक्ष पद के चुनाव में बाईचुंग भूटिया को हराया

New Delhi: पूर्व भारतीय फुटबॉल खिलाड़ी और भाजपा नेता कल्याण चौबे ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के नए अध्यक्ष चुने गए हैं. अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में कल्याण चौबे ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय टीम के पूर्व कप्तान बाईचुंग भूटिया को शिकस्त दी है.चुनाव में कल्याण ने भूटिया को 33 -1 से हराया है. यानी कल्याण को 33 वोट मिले. जबकि भूटिया को सिर्फ एक वोट मिल सका.अब उनके हाथों में भारतीय फुटबॉल का भविष्य आ गया है. कल्याण चौबे दिग्गज फुटबॉलर बाईचुंग भूटिया को हराकर अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के पहले खिलाड़ी-अध्यक्ष बने. 45 साल के कल्याण चौबे पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं. उन्हें पहले से ही जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, क्योंकि उन्हें गुजरात और अरुणाचल प्रदेश जैसे राज्यों से समर्थन मिल रहा था.

इसे भी पढ़े: Britain: भारतवंशी ऋषि सुनक ब्रिटेन के पीएम बनेंगे या नहीं,फाइनल वोटिंग आज होगी खत्म, 5 सितंबर को आएंगे नतीजे

खिलाड़ी से अध्यक्ष तक का रहा सफर
कल्याण चौबे पूर्व भारतीय गोलकीपर रहे हैं.खेल से संन्यास लेने के बाद उन्होनें राजनीति में कदम रखा था. इस दौरान उन्होंने 2019 में हुए संसदीय चुनाव में प. बंगाल के कृष्णानगर सीट से लोकसभा चुनाव भी लड़ा था, लेकिन इसमें उन्हें हार मिली थी. कल्याण चौबे 1997-98 और 2001-02 में भारतीय गोलकीपर ऑफ द ईयर भी चुने गए थे. वह कोलकाता के प्रसिद्ध फुटबॉल क्लब मोहन बागान और ईस्ट बंगाल दोनों के लिए खेल चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने गोवा की सलगांवकर टीम का भी प्रतिनिधित्व किया है.

भूटिया ने कल्याण चौबे को दी बधाई

हारने के बाद बाईचुंग भूटिया ने कहा, ‘चुनाव जीतकर नया अध्‍यक्ष बनने पर कल्‍याण चौबे को बहुत-बहुत शुभकामनाएं. भारतीय फुटबॉल उनके मार्गदर्शन में काफी आगे बढ़े. साथ ही सभी भारतीय फुटबॉल प्रेमियों को धन्‍यवाद, जिन्‍होंने इस खेल में इतनी दिलचस्‍पी बढ़ाई. मैं पहले भी फुटबॉल से जुड़कर काम कर चुका हूं और आगे भी इसे जारी रखूंगा.’

फीफा ने भारतीय फुटबॉल संघ से बैन हटाया

आपको बता दें कि अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल संस्था FIFA ने 26 अगस्त को भारतीय फुटबॉल संघ AIFF पर बैन लगा दिया था. फीफा का मानना था कि भारतीय फुटबॉल संघ में उसके नियमों का पालन नहीं हो रहा है. हालांकि फीफा ने यह बैन हटा दिया है. साथ ही प्रफुल्ल पटेल ने कई आरोपों के चलते भारतीय फुटबॉल संघ के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने प्रशासकों की समिति (CoA) को भी भंग कर दिया था. इसके बाद भारतीय फुटबॉल संघ AIFF के नए अध्यक्ष के लिए चुनाव की घोषणा की गई थी.

 

Related Articles

Back to top button