
Giridih : बगैर रेडियोलॉजिस्ट की उपस्थिति में मरीजों का अल्ट्रासाउंड करने व नियम कानून को ताक पर रखकर अल्ट्रासाउंड करने वाले क्लीनिक को शुक्रवार को सीएस की उपस्थिति में सील कर दिया गया. मामला तिसरी के संत मेरिस विद्यालय के पास संचालित पाटलावती अल्ट्रासाउंड एंड डायग्नोस्टिक का है. बता दें कि शुक्रवार की सुबह सिविल सर्जन डॉ. एसपी मिश्रा जांच करने पहुंचे थे. यहां बगैर किसी चिकित्सक या रेडियोलॉजिस्ट के एक महिला मरीज का अल्ट्रासाउंड किया जा रहा था. इस दौरान अल्ट्रासाउंड करने वाला शख्स सीएस आदि को देखते ही मोबाइल छोड़कर भाग गया.
मौके से अल्ट्रासाउंड मशीन समेत अन्य उपकरण जब्त किए गए. सिविल सर्जन के निर्देश पर अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया गया है. यहां बता दें कि प्रखंड के साथ-साथ जिले में कई ऐसे नर्सिंग होम, अल्ट्रासाउंड, पैथोलॉजी हैं जो नियम कानून को धत्ता बताकर संचालित हो रहे हैं. कायदे से इसकी जांच की जाए तो कई मामले सामने आएंगे. कार्रवाई में तिसरी के प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. देवव्रत, प्रवीण कुमार, ए एस आई कालेश्वर राम, मनीष कुमार, प्रशांत कुमार आदि शामिल थे.




