
Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज अपने आवासीय कार्यालय से “बिरसा जीवन आयुष कार्यक्रम” का ऑनलाइन शुभारम्भ किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वैश्विक महामारी पर काबू पाने के लिए राज्य सरकार कई नए आयामों पर कार्य कर रही है.
आज इस कड़ी में एक और कार्यक्रम का शुभारम्भ किया जा रहा है. होम्योपैथ पद्धति से कई जीवन रक्षक दवाइयां कोविड-19 संक्रमण से लड़ने के लिए तैयार की गयी हैं.
ये दवाइयां संक्रमण से लेकर मरीजों के शरीर में ऑक्सीजन की कमी को दूर करने में उपयोगी हैं. मौके पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, विकास आयुक्त सह अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य विभाग श्री अरुण कुमार सिंह, नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे, आयुष निदेशक चंद प्रसाद, द होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया रांची के सचिव डॉ राजीव कुमार, अध्यक्ष डॉ नरेश कुमार मौजूद थे.
इसे भी पढें :चीन के पिछल्लगू नेपाली पीएम केपी ओली नहीं बचा पाये अपनी गद्दी
मरीजों को उपलब्ध कराया जायेगा किट
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत कोरोना संक्रमित मरीजों को बिरसा जीवन आयुष किट उपलब्ध कराया जायेगा. किट में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए इम्यूनिटी बूस्टर दवाइयां होंगी.
होम आइसोलेशन में रहनेवाले मरीजों के घरों तक भी यह किट पहुंचाई जाएगी. इस कार्यक्रम के तहत कोरोना संक्रमित मरीजों के वैसे परिजनों को भी दवाइयां दी जाएंगी, जो उनके संपर्क में आ चुके हैं.
साथ ही कोविड-19 के नियंत्रण हेतु कार्य कर रहे सभी फ्रंटलाइन वर्करों को भी दवाइयां दी जाएंगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी जिलों में संक्रमित मरीजों को दवाइयों का यह किट उपलब्ध कराया जायेगा. इससे पहले मुख्यमंत्री ने बिरसा जीवन आयुष कार्यक्रम के तहत चलने वाले तीन वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना किया.
इसे भी पढें :कोडरमा में कोरोना के 300 नये मरीज मिले, 309 हुए स्वस्थ, एक की मौत




