
Sharjah : अब तक आलराउंड खेल दिखाने में नाकाम रहा किंग्स इलेवन पंजाब विस्फोटक क्रिस गेल के सहारे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के खिलाफ गुरुवार को यहां होने वाले मैच से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपने अभियान को वापस पटरी पर लाने का प्रयास करेगा.
किंग्स इलेवन ने अब तक कुछ करीबी मैच गंवाये हैं. उसने जो सात मैच खेले हैं उनमें से छह में उसे हार का सामना करना पड़ा और प्लेऑफ की उम्मीदों को बनाये रखने के लिये उसे अब हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी.
इसे भी पढ़ेंः 35,447 स्कूलों में से 15,653 में नहीं है खेल का मैदान, फिर भी फिजिकल इंस्ट्रक्टर बहाली की हो रही तैयारी
एकमात्र जीत आरसीबी के खिलाफ ही हासिल की थी
किंग्स इलेवन ने टूर्नामेंट में अपनी एकमात्र जीत आरसीबी के खिलाफ ही हासिल की थी और वह गुरुवार को 24 सितंबर की उस जीत से प्रेरणा लेने की कोशिश करेगा लेकिन यह नहीं भूलना चाहिए कि विराट कोहली की अगुवाई वाली टीम ने तब से अपने खेल में काफी सुधार कर दिया है.
शारजाह का विकेट हालांकि धीरे धीरे धीमा पड़ता जा रहा है लेकिन यहां का छोटा मैदान गेल सरीखे ‘सिक्सर किंग’ के लिये आदर्श साबित हो सकता है. वैसे इस 41 वर्षीय बल्लेबाज के लिये पहली गेंद से ही हावी होना आसान नहीं होगा क्योंकि वह अभी तक टूर्नामेंट में नहीं खेले हैं.
गेल को पिछले दो मैचों में खेलना था लेकिन ‘फूड पॉइजनिंग’ के कारण उन्हें बाहर बैठना पड़ा. अब जबकि वह पूरी तरह से फिट हैं तब यह देखना दिलचस्प होगा कि उन्हें किसकी जगह पर अंतिम एकादश में शामिल किया जाता है.
इसे भी पढ़ेंः चित्रकूट गैंगरेप सुसाइड केसः लापरवाही पर नपे पुलिस वाले, कोतवाल और चौकी प्रभारी निलंबित




