
New Delhi: 2019 के चुनावी रण के लिए भारतीय जनता पार्टी ने काफी माथा पच्ची के बाद अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है. जिसमें 184 नाम शामिल हैं. इस सूची में पार्टी के कद्दावर नेताओं के भी नाम हैं.
जिसमें प्रमुख उम्मीदवारों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी से और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की जगह गांधीनगर से चुनाव लड़ेंगे.
गुरुवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता जे पी नड्डा ने संवाददाता सम्मेलन में लोकसभा चुनाव के लिये उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की. 16 मार्च, 19 मार्च और 20 मार्च को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक टिकट को लेकर काफी मंथन हुआ. इसमें एक-एक करके राज्यों पर चर्चा हुई जिसमें भाजपा अध्यक्ष शाह, प्रधानमंत्री मोदी ने हिस्सा लिया.
इसे भी पढ़ेंः जम्मू-कश्मीरः 24 घंटे में चार मुठभेड़, लश्कर कमांडर समेत पांच आतंकी ढेर
मोदी वाराणसी, शाह गांधीनगर से लड़ेंगे चुनाव
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी से चुनाव लड़ेंगे. भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की जगह गांधीनगर से मैदान में उतरेंगे. गृह मंत्री राजनाथ सिंह पुरानी सीट लखनऊ से लड़ेंगे.
जबकि नितिन गडकरी नागपुर से प्रत्याशी होंगे. स्मृति ईरानी अमेठी से चुनाव लड़ेंगी. ईरानी के सामने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मुकाबले में होंगे.केन्द्रीय मंत्री कृष्णा राज की जगह अरुण सागर को शाहजहांपुर से भाजपा उम्मीदवार बनाया गया.
गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) से डॉ. महेश शर्मा, मुज्जफरनगर से संजीव बालियान, गजियाबाद से वी के सिंह, बागपत से सत्यपाल सिंह, मथुरा से हेमा मालिनी को टिकट दिया गया है. उन्नाव से साक्षी महाराज को टिकट दिया गया है.
छत्तीसगढ़ से पांच सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किये गए हैं जिसमें बस्तर से बैदूराम कश्यप शामिल हैं. अरूणाचल ईस्ट से किरण रिजिजू को टिकट दिया गया है.
धारवाड़ से प्रह्लाद जोशी को टिकट दिया गया है. तिरूवनंतपुरम से के राजशेखरन को टिकट दिया गया है. उधमपुर से जितेन्द्र सिंह को टिकट दिया गया है.
बिहार में सभी सीटों पर कैंडिडेट तय
नड्डा ने बताया कि भाजपा ने बिहार से पार्टी के सभी 17 उम्मीदवारों के नामों को भी अंतिम रूप दे दिया है और सूची राज्य इकाई को भेज दी गई है जिसकी घोषणा गठबंधन सहयोगियों के साथ की जायेगी.
केंद्रपाड़ा से बैजयंत पांडा को टिकट दिया गया है. कन्याकुमारी से पी राधाकृष्णन को टिकट दिया गया है. राजस्थान के जोधपुर से गजेन्द्र सिंह शेखावत, बीकानेर से अर्जुन राम मेघवाल, झालावाड़ से दुष्यंत सिंह को टिकट दिया गया है. पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रमुख दिलीप घोष मेदिनीपुर, केन्द्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो आसनसोल से चुनाव लड़ेंगे.
भाजपा ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, तमिलनाडु, गुजरात,छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा समेत कई राज्यों के उम्मीदवारों की घोषणा की.
ज्ञात हो कि सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव 11 अप्रैल से शुरू होंगे और 19 मई तक चलेंगे. मतगणना 23 मई को होगी. देशभर में लोकसभा चुनाव 11 अप्रैल, 18 अप्रैल, 23 अप्रैल, 29 अप्रैल, छह मई, 12 मई और 19 मई को होंगे.
इसे भी पढ़ेंःगुमला : नक्सली वर्दी में आए अज्ञात अपराधियों ने की दो की हत्या, दो घायल




