
Ranchi : रांची जिलावासियों के लिए अच्छी खबर है. अब आप आपने घर के पास कोविड-19 का टीकाकरण करवा सकते हैं. रांची जिला प्रशासन द्वारा मोबाइल वैक्सीनेशन की शुरुआत की जा रही है, जिसका गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता शुभारंभ करेंगे.
इसे भी पढ़ें: 12 लाख की रंगदारी मांगने और जेसीबी मशीन से घर तोड़ने के मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार
तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे डीडीसी
मोबाइल वैक्सीनेशन के शुभारंभ की तैयारियों का जायजा लेने रांची के उप विकास आयुक्त विशाल सागर सीसीएल के जवाहर नगर पहुंचे. इस दौरान सीसीएल के महाप्रबंधक (प्रशासन) उप नारायण, सीसीएल गांधीनगर के चीफ मेडिकल ऑफिसर एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे. उप विकास आयुक्त ने मोबाइल वैक्सीनेशन के शुभारंभ को लेकर पदाधिकारियों को पूरी तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
18 प्लस का होगा वैक्सीनेशन, ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था
रांची में मोबाइल वैक्सीनेशन की शुरुआत दो गाड़ियों से होगी. इसके माध्यम से 18- 45 वर्ष आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण किया जायेगा. साथ ही ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन की भी व्यवस्था होगी. रांची के रिहायशी इलाकों में मोबाइल वैक्सीनेशन का लाभ लोगों को मिल सकेगा. कंट्रोल रूम नम्बर 7546028221 पर कॉल कर मोबाइल वैक्सीनेशन का लाभ लिया जा सकता है.
कम से कम 20 लोग होने पर वैक्सीनेशन
मोबाइल वैक्सीनेशन का लाभ लेने के लिए किसी भी स्थान पर 20 लोग होने आवश्यक हैं. कम से कम 20 लोग होने पर कंट्रोल रूम नम्बर 7546028221 पर कॉल कर इसकी जानकारी देनी होगी. जिसके बाद संबंधित स्थान पर पहुंच कर वैक्सीनेशन का कार्य किया जायेगा.
इसे भी पढ़ें:धनबाद में यास तूफान का असर, तेज हवाओं के साथ बारिश, डीसी ऑफिस परिसर में विशाल पेड़ गिरा




