
Dumka : झारखंड और बिहार में मॉब लिंचिंग की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं. एक के बाद एक लगातार मॉब लिंचिंग की घटना सामने आती ही रहती है. इसी सिलसिले में अब झारखंड के दुमका में भी मॉब लिंचिंग का मामला सामने आया है.
जरमुंडी थाना क्षेत्र के भोडाबाद पंचायत के चिहुंटिया गांव में गुरुवार तड़के एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी है. घर मे चोरी कर रहे एक शख्स को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया जिसके बाद उन्होंने उसे इतना मारा कि उसकी मौत हो गयी.
मृतक का नाम भोला हाजरा बताया जा रहा है, जो तालझारी थाना के लोहारिया गांव का रहने वाला है. बताया जा रहा है चोरी करने आए चोरों की संख्या चार थी. लेकिन पकड़े जाने के बाद तीन मौके से फरार हो गये.
लेकिन भोला हाजरा नाम का शख्स ग्रामीणों के हाथों पकड़ा गया. जिसके बाद ग्रामीणों ने उसकी खूब पिटाई की. वहीं मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही मामले की छानबीन में जुटी है पुलिस.
इसे भी पढ़ें- जीएसटी पर कैग रिपोर्ट में गड़बड़ी की आशंकाः दो सालों में भी 2.11 लाख करोड़ का सेटलमेंट नहीं
देर रात चोरी करने आए थे चोर
चार की संख्या में चोर चिहुंटिया गांव के आनंदलाल मरांडी के घर चोरी करने के बाद समान लेकर भाग ही रहे थे कि ग्रामीणों की नजर उनपर पड़ गयी. जिसके बाद ग्रामीण उन्हें पकड़ने के लिए उनके पीछे दौड़े.
इस दौरान तीन चोर मौके से भागने में सफल रहे, जबकि भोला हाजरा उनके हत्थे चढ़ गया. ग्रामीणों की पिटाई से उसकी मौत हो गयी. इस मामले पुलिस ने चार संदिग्ध ग्रामीणों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है.
इसे भी पढ़ें- आपके अखबार ने दी यह सूचना !! स्टील, कोयला समेत आठ कोर सेक्टर में ग्रोथ रेट सिर्फ 0.2 प्रतिशत, 2015 के बाद सबसे कम
मृतक का पूर्व से ही रहा है अपराधिक इतिहास
तालझारी थाना के लोहारिया गांव का रहने वाला भोला हाजरा का पूर्व से भी अपराधिक इतिहास रहा है. वह पहले भी जेल जा चुका था. उसके खिलाफ दुमका के मुफ्फसिल थाना और देवघर के सारवां थाना में डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज था.




