
- सीएम की स्वीकृति
Ranchi : मनरेगा अंतर्गत संविदा पर कार्यरत पदाधिकारों व कर्मियों को अब सामाजिक सुरक्षा और कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) की सुविधा मिलेगी. योजना सह वित्त विभाग की सहमति प्राप्त करने की शर्त पर मुख्यमंत्री ने भी इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति प्रदान कर दी है. विचाराधीन प्रस्ताव पर सीएम ने सहमति केंद्र सरकार के दिशा-निर्देश एवं संविदा पर कार्यरत मनरेगा कर्मियों के द्वारा उठाए जा रहे मांग के आलोक में दिया है.
बता दें कि नयी पेंशन योजना/ईपीएफ एवं संविदा के आधार पर नियुक्ति योजना-सह-वित्त विभाग के क्षेत्रातंर्गत है. ऐसे में प्रस्ताव पर योजना-सह-वित्त विभाग की सहमति जरूरी है. वर्तमान में मनरेगा अंतर्गत राज्य/क्षेत्रीय स्तर पर संविदा पर कार्यरत पदाधिकारियों/कर्मियों को पूर्व से ईपीएफ का लाभ प्राप्त नहीं है. मनरेगा संविदा कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा एवं ईपीएफ की सुविधा प्रदान करने हेतु विभिन्न माध्यमों से पत्र प्राप्त हो रहे हैं.
इससे पहले अक्टूबर माह में मनरेगा कर्मचारी संघ के लोगों ने ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम से मुलाकात की थी. आलमगीर आलम ने संघ को जानकारी दी कि सीएम हेमंत सोरेन अनुबंध कर्मियों के मसले पर गंभीर हैं. सरकार ऐसे कर्मचारियों के हित में योजना बना रही है. मनरेगा कर्मियों के लिए भी जल्दी ही बेहतर प्रयास होगा. कोरोना काल के कारण राजस्व औऱ कोष की हालत नाजुक है. बावजूद इसके हम सब मिलकर अनुबन्धकर्मियों का हित साधने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. मनरेगा योजनाओं को गति देने में सब मिलकर काम करें.
इसे भी पढ़ें – आधार कार्ड जरूर बनावा लें, कोरोना वैक्सीन लगाने में आयेगा काम




