Ramgarh

विधायक अंबा प्रसाद ने की सरकारी शिक्षकों के अंतर जिला स्थानांतरण की मांग, सीएम से मिला तैलिक साहू सभा का प्रतिनिधिमंडल

Ramgarh: झारखंड विधानसभा मानसून सत्र के दौरान बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद ने सरकारी शिक्षकों के अंतर जिला स्थानांतरण का मामला उठाया. उन्होंने सदन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि राज्य में कार्यरत सरकारी शिक्षकों का स्थानांतरण कई वर्षों से नहीं हो रहा था जबकि विभाग द्वारा विगत दिनों नियमावली बनाकर पति पत्नी के एक स्थान पर स्थानांतरण करने तथा असाध्य रोग से पीड़ित शिक्षकों को अंतर जिला स्थानांतरण का अवसर प्रदान की गई है जिसका ऑनलाइन प्रक्रिया भी जारी है परंतु सामान्य शिक्षकों को अंतर जिला स्थानांतरण के लाभ से वंचित रखा गया है.अंबा प्रसाद ने सरकार से यह मांग किया कि सामान्य सरकारी शिक्षकों को भी अंतर जिला स्थानांतरण का अवसर प्रदान किया जाए.

सीएम से मिला झारखंड तैलिक साहू सभा का प्रतिनिधिमंडल

झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री कक्ष में बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद के नेतृत्व में झारखंड तैलिक साहू सभा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की. इस दौरान ज्ञापन सौंपते हुए विधायक अंबा प्रसाद एवं तैलिक साहू सभा के सदस्यों के प्रतिनिधि मंडल ने माननीय मुख्यमंत्री से छत्तीसगढ़ राजस्थान मध्य प्रदेश व अन्य राज्य के तर्ज पर झारखंड में भी तेलघानी विकास बोर्ड का गठन करने का अनुरोध किया.विधायक ने जाति आधारित जनगणना कराकर जनसंख्या के आधार पर ओबीसी को आरक्षण देने, वर्तमान के 27 % ओबीसी आरक्षण विधेयक एवं मंडल कमीशन की रिपोर्ट को लागू करने की मांग भी माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की. तैलिक साहू समाज के लोगों ने बताया कि साहू समाज के लोग अत्यंत पिछड़ा वर्ग श्रेणी एक में आते हैं और कई जिलों यथा खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, दुमका और पश्चिम सिंहभूम जिला आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक रूप से काफी पिछड़ा हुआ है और उक्त जिलों में भी ओबीसी आरक्षण जिला रोस्टर में 0% कर दिया गया है.

विधायक अंबा प्रसाद ने राज्य के 7 जिलों में ओबीसी आरक्षण 0% कर दिए जाने के आलोक में जिला रोस्टर में संशोधन करने की मांग की इस संबंध में विधायक ने कहा कि मामले पर सकारात्मक वार्ता माननीय मुख्यमंत्री से हुई है. मौके पर मुख्य रुप से प्रदेश अध्यक्ष महेश महतो, प्रदेश महासचिव मदन कुमार, प्रदेश मुख्यालय प्रभारी मदन प्रसाद, दिलीप साहू प्रदेश युवा अध्यक्ष, राज किशोर साहू, प्रदेश युवा महासचिव कुमार रोशन आदि उपस्थित थे.

Related Articles

Back to top button