Crime NewsLead NewsRanchi

लापता नीरज ने सुपारी देकर हत्या के इरादे से नामकुम में मुकेश झा पर चलवाई थी गोली

दो शूटर बिहार के छपरा से गिरफ्तार, जमीन विवाद से जुड़ा है मामला

Ranchi :  रांची स्थित नामकुम के चाय बगान में करीब ढ़ाई माह पूर्व तीन युवकों को गोली मारने के मामले में रांची पुलिस ने दो शूटरों को छपरा से गिरफ्तार किया है. दोनों को रांची लाया गया है.गिरफ्तार शूटरों में छोटे लाल राय और शैलेश कुमार शामिल हैं. इन्होंने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया है कि लापता नीरज झा के कहने पर मुकेश झा व उसके दोस्तों पर हत्या के इरादे से गोली चलाई थी.

 

मालूम हो कि नीरज झा छह फरवरी से लापता है. इसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट नामकुम थाने में दर्ज है. इधर, गिरफ्तार शूटरों ने पुलिस को बताया है कि नीरज ने लापता होने से पहले दिसंबर माह में ही मुकेश की हत्या की प्लानिंग बनायी थी. इसके लिए पांच लाख रुपए की सुपारी देने की बात हुई थी. एडवांस के तौर पर उन्हें 20 हजार रुपए दिया गया था. यह कहा गया था कि बाकी काम पूरा होने के बाद दिया जाएगा. इसके बाद ही मुकेश झा पर उन्होंने गोली चलायी थी. लेकिन गोलीबारी में मुकेश के अलावा उनके दो दोस्त प्रवीण कुमार और रंजित सिंह को भी गोली लग गई. घटना में तीनो घायल हुए थे. पूछताछ में शूटरों ने अपने अन्य साथियों के नामों की भी जानकारी दी है. पुलिस शनिवार को आरोपियों की निशानदेही पर कई जगहों पर छापेमारी भी की, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली.

 

दोनों ने अपने इकबालिया बयान में बताया है कि गोली मारने के बाद दोनों छपरा फरार हो गए दोनों रांची से कार से पहले रामगढ़ पहुंचे फिर रामगढ़ से बस से छपरा गए. इन दोनों ने मुकेश झा को गोली मारी थी. उसे बांह और पैर में गोली लगी थीं. वही उसके दो अन्य साथियों को हाथ में गोली लगी थी. तीनों बच गये थे.

 

पता चला है कि नामकुम के जोरार स्थित एक जमीन को लेकर नीरज और मुकेश के बीच विवाद था. करीब 15 लाख रुपए नीरज के पास मुकेश का बकाया था. कई बार मुकेश उससे पैसे की मांग कर रहा था. लेकिन वह टालमटोल कर रहा था. इसी क्रम में मुकेश ने उसे धमकी दी थी कि पैसा वापस कर दो, अन्यथा अंजाम बुरा होगा. इसी बात को लेकर नीरज ने उसकी हत्या की साजिश रची थी.

 

नामकुम में हुई गोलीबारी की इस घटना में छह से सात लोग शामिल थे. इस मामले में पुलिस ने पहले ही तीन लोगों को जेल भेज चुकी है. वहीं दो शूटरो को भी गिरफ्तार हो चुके हैं. अबतक कुल 5 लोग गिरफ्तार हुए हैं. वही एक-दो और लोगों को पुलिस तलाश रही है. मुख्य साजिशकर्ता नीरज झा लापता है. जिन तीन लोगों को इन दोनों शूटरों ने गोली मारी थी, उन लोगों ने दोनों शूटरों की पहचान भी कर ली है.

Related Articles

Back to top button