
Ranchi : 1 से 12 अप्रैल तक POTCHEFSTROOM (साउथ अफ्रीका) में FIH जूनियर महिला वर्ल्ड कप हॉकी प्रतियोगिता खेली जायेगी. इसके लिए हॉकी इंडिया ने आज 20 सदस्यीय भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की घोषणा की.
इसमें झारखंड से सलीमा टेटे, संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुंग भी चुनी गयी हैं. तीनों खिलाड़ी सिमडेगा जिले की हैं. बड़ी बात यह भी कि भारतीय टीम की कैप्टन की जिम्मेदारी भी झारखंड की सलीमा टेटे को दी गयी है, जिसने टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन किया था.

सलीमा सिमडेगा जिला के सदर प्रखंड के बड़की छापर गांव की रहने वाली हैं. ब्यूटी डुंगडुंग और संगीता कुमारी केरसई प्रखंड के करगागुड़ी के रहने वाली हैं. वर्तमान समय में तीनों ही खिलाड़ी भुवनेश्वर में चल रहे कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं.
इसे भी पढ़ें:मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने की समीक्षा बैठक, पेयजल संकट को दूर करने का अधिकारियों को दिया निर्देश
ग्रुप डी में है महिला टीम
भारतीय महिला हॉकी टीम ग्रुप D में है. इस ग्रुप में मलेशिया, जर्मनी और वेल्स की टीम है. भारत का पहला मैच 2 अप्रैल को वेल्स के खिलाफ, 3 अप्रैल को जर्मनी के खिलाफ और 5 अप्रैल को मलेशिया के खिलाफ होगा.
तीनों खिलाड़ियों के चयन पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह, महासचिव विजय शंकर, शशिकांत प्रसाद, रजनीश कुमार, मनोज कोनबेगी, दसरथ महतो, अश्रिता लकड़ा, असुंता लकड़ा,प्रतिमा बरवा, तारिणी कुमारी सहित हॉकी झारखंड के समस्त पदाधिकारियों ने बधाई दी है. हॉकी झारखंड के अध्यक्ष ने इसे झारखंड हॉकी के लिए बड़ी उपलब्धि कहा. इससे और खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी.
सलीमा की कप्तानी में भारतीय महिला हॉकी टीम कई प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी है. उम्मीद है कि इस बार भी अच्छा प्रदर्शन करेगी.
इसे भी पढ़ें:पंजाब: हरभजन सिंह होंगे ‘आप’ के राज्यसभा उम्मीदवार
उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने कहा कि तीनों ही खिलाड़ी बहुत ही प्रतिभावान हैं. सलीमा और संगीता FIH प्रो लीग में स्पेन के खिलाफ जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए शानदार खेल दिखाया था. दो दिन पूर्व ही जर्मनी के खिलाफ भी दोनों खिलाड़ियों ने पेनाल्टी शूटआउट में गोल कर भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम को जीत दिलाई थी.
ब्यूटी डुंगडुंग भी फॉरवर्ड लाइन की एक बेहतरीन खिलाड़ी है. पिछले वर्ष चिली दौरे में जूनियर भारतीय महिला टीम की टॉप स्कोरर थी और अभी भी बहुत अच्छा खेल रही है.
विजय शंकर सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि होली के ऐसे मौके पर हमारे तीन खिलाड़ियों का चयन होना होली का बहुत बड़ा तोहफा है. ऐसा अवसर अपवाद में ही मिलता है.
इसे भी पढ़ें:झारखंड में होली का अवकाश 18 व 19 मार्च को, अधिसूचना जारी




