
Ranchi: पिछले कुछ दिनों से राज्य का मौसम सुहाना है. तपती गर्मी से लोगों को राहत मिली है. वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि राज्य में 12 मई तक मौसम सुहाना रहेगा. जहां अलग-अलग हिस्सों में बारिश के साथ बादल छाये रहेंगे. इस दौरान हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है. वहीं, 14 मई से तापमान में वृद्धि के साथ ही मौसम साफ होगा. जिससे लोगों को राहत मिलेगी.
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान में कहा गया है कि 10 मई को राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां के अलावा निकटवर्ती मध्य हिस्से यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा बहेगी.
साथ ही वर्षा और वज्रपात को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, राज्य के उत्तरी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, जामताड़ा और गिरिडीह में मेघगर्जन के साथ वज्रपात होने की आशंका है. इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राजधानी में अगले पांच दिनों तक गर्मी से राहत मिलेगी.
पिछले 24 घंटे की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक बारिश पंचेत में 46.4 मिमी दर्ज की गयी. इसके साथ ही सरायकेला में 39 मिमी, लोहरदगा 24.5 मिमी, गुमला 29 मिमी, धनबाद 18.5 मिमी बारिश दर्ज किया गया. रांची में इस दौरान 15 मिमी बारिश दर्ज किया गया.




