Crime NewsKhas-KhabarLead NewsNationalNEWS

मणिपुर में हिंसा की घटनाओं में आई तेजी, उपद्रवियों ने राज्य सरकार के मंत्री सुसिंद्रो के घर और बीजेपी दफ्तर में की आगजनी

मणिपुर में आगजनी की एक ताजा हिंसा के तहत उपद्रवियों ने शनिवार को राज्य सरकार के मंत्री एल सुसींद्रो मैतेई के घर पर एक निजी गोदाम और वहां खड़े वाहनों को आग लगा दी. हमला करने आई भीड़ ने मंत्री के घर में घुसने और इमारत को आग लगाने की भी कोशिश की लेकिन सुरक्षा बलों के जवान वहां समय पर पहुंच गए और आंसू गैस के गोले दागकर भीड़ को तितर-बितर किया.

मणिपुर प्रदेश बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि मंत्री सुसींद्रों के घर पर आज सुबह भीड़ ने हमला कर दिया जिसमें दो वाहनों को जलाया गया है. हालांकि सुरक्षा बल के जवानों के समय पर पहुंचने के कारण आग बुझाने के साथ ही स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है. इसी तरह आगजनी की एक और घटना पूर्वी इंफाल के साजीवा जेल के पास इशिराउ इलाके से सामने आई है, जहां उपद्रवियों ने बीजेपी कार्यालय में भी आग लगा दी है.

दिल्ली में हो रही सर्वदलीय बैठक

मणिपुर में हिंसा की ये ताजा घटनाएं ऐसे समय सामने आई हैं जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में दोपहर बाद मणिपुर की स्थिति पर सर्वदलीय बैठक करने वाले हैं. एक सप्ताह पहले भीड़ ने इसी तरह केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री आरके रंजन के घर पर भी आग लगा दी थी.

45 दिनों से जारी है हिंसा

मणिपुर में कुकी जनजाति और मैतेई समुदाय के बीच शुरू हुई हिंसा को 45 दिनों से भी ज्यादा समय बीत चुका है लेकिन प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है. जबकि राज्य में सेना समेत करीब 40 हजार सुरक्षा बलों को उतारा गया है. राज्य में लगातार हो रही हिंसा में अबतक 110 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है जबकि दोनों समुदाय को चार हजार से अधिक घरों को जलाया गया है. फिलहाल 50 हजार से अधिक विस्थापित हुए लोग राहत शिविरों में रह रहें है.

Related Articles

Back to top button