JharkhandPakur

गणतंत्र दिवस पर मैराथन दौड़ का आयोजन, सफल धावक हुए सम्मानित

Pakur : गणतंत्र दिवस पर जिला प्रशासन के सौजन्य से मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया. मैराथन दौड़ में जिले सहित दूसरे जिलों के धावक ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. शुक्रवार को अहले सुबह सुबह गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर उपायुक्त कुलदीप चौधरी, पुलिस कप्तान सुनील भाष्‍कर, उप विकास आयुक्त रामनिवास यादव, अनुमंडल पदाधिकारी जितेंद्र कुमार देव सहित जिले के अधिकारियों ने बारी-बारी से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की.

इसके बाद डीसी एवं एसपी ने गांधी चौक से हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया. गांधी चौक से सोनाजोड़ी होते हुए पुनः वापस अनुमंडल कार्यालय पहुंचा. इधर रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा धावकों के लिए नींबू और पानी के इंतजाम किए गए थे. अनुमंडल कार्यालय परिसर में अतिथियों द्वारा प्रथम, दूसरे एवं तीसरे स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को पुरुस्कार दिया गया. इसके अलावे दौड़ में जो भी धावक शामिल थे, उन्हें भी सांत्वना पुरस्‍कार से नवाजा गया. इधर दौड़ में शामिल सभी धावकों को भारतीय स्टेट बैंक द्वारा जर्सी उपलब्ध कराया गया. जबकि शहर के समाजसेवी राजीव पांडेय ने प्रथम, दूसरे एवं तीसरे स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को पुरस्‍कार दिया.

पाकुड़ के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं

बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने अपने उत्साहवर्धन संबोधन में कहा कि मैराथन दौड़ का आयोजन कर जिले के युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का अच्छा मौका है. इस तरह के आयोजनकर्ता को बहुत बहुत बधाई. उन्होंने कहा कि जिले में जो भी समस्‍याएं हैं उसे जल्द दूर कर दिया जाएगा. उन्होंने सफल प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मैराथन दौड़ में जो सफल हुए उन्हें भी बधाई और जो सफल नहीं हुए है उन्हें भी बधाई देता हूं. उन्होंने कहा जो धावक मौरथन दौड़ में हिस्सा लिए परंतु सफल नहीं हो पाए हैं आप मेहनत करें, आप जरूर एक दिन बेहतर धावक बनेंगे. एसपी सुनील भाष्कर ने कहा कि पाकुड़ के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आप मेहनत करें सफलता जरूर मिलेगी.

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय मतदाता दिवस को लेकर अतिथियों समेत आमलोगों को शपथ दिलाया गया. भारत में हर साल 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है. विश्व में भारत जैसे सबसे बड़े लोकतंत्र में मतदान को लेकर कम होते हुए रुझान को देखते हुए राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाने लगा था. 25 जनवरी 2011 को तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा सिंह पाटिल ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस का शुभारंभ किया था.

इधर कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर जिला परिषद अध्यक्ष बाबूधन मुर्मू, अपर समाहर्ता मनोज कुमार, जिला खेलकूद पदाधिकारी रामप्रवेश कुमार, राजीव पांडेय, रतन कुमार सिंह, अमलान कुसुम सिन्हा, प्रोफेसर अशोक यादव, वाजिद अली आसिफ ने अहम भूमिका निभाई।

ब्रेंथिएस मरांडी हुए प्रथम

मैराथन दौड़ में कुल 135 धावकों ने हिस्सा लिया. प्रथम ब्रेंथिएस मरांडी, दूसरे कुमुद रंजन एवं तीसरे स्थान पर विकास हांसदा रहे. इसी तरह बगान सोरेन, प्रभु बास्की, सोनोत हांसदा, सामुएल हांसदा बारी-बारी से रहे.

गणतंत्र दिवस पर होगा ब्लड डोनेशन कैंप

गणतंत्र दिवस पर जिला प्रशासन द्वारा ब्लड डोनेशन कैम्प का आयोजन किया जाएगा. उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय महापर्व को लेकर जिला प्रशासन द्वारा अच्छी पहल की जा रही है. जिले के अधिकारी पुराना अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में 11 बजे ब्लड डोनेट करेंगे. डीसी ने शहर वासियों से भी अपील की है कि आपसब भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें.

Related Articles

Back to top button