Giridih : धनबाद- गया रेलखंड के करमाबाद रेलवे हाल्ट के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव घंटों पड़ा रहा और मानवता तार-तार होती रही. सूचना मिलने के बावजूद रेलवे थाना और बगोदर थाना के अधिकारी घंटों उक्त स्थल पर नहीं पहुंचे और शव वैसे ही ट्रैक पर पड़ा रहा. बाद में घटना की सूचना जब सरिया एसडीपीओ दीपक कुमार शर्मा को मिली तो उन्होंने थाना पुलिस को वहां भेजा और शव को ट्रैक पर से उठाकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई.
टाल-मटोल करते रहे पदाधिकारी
घटना के संबंध में बताया गया कि करमाबाद हाल्ट के समीप एक अधेड़ व्यक्ति का हाथ कटा शव पड़ा हुआ था. जिसकी सूचना पाकर स्थानीय मुखिया पंकज महतो घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी आर पी एफ़ हज़ारीबाग़ रोड के प्रभारी निरीक्षक को दी. सूचना के आलोक में उन्होंने इसकी जानकारी हज़ारीबाग़ रोड स्टेशन मास्टर, जीआरपी गोमो, थाना प्रभारी सरिया एवं थाना प्रभारी बगोदर को दी ताकि शव को ट्रैक पर से उठाकर आगे की कार्यवाई की जा सके. परंतु कोई भी पदाधिकारी उस शव को उठाने से कतराते रहे और मामले को एक दूसरे के प्रक्षेत्र में होने की बात कहकर टालते रहे.
एसडीपीओ की पहल पर उठाया गया शव
अधिकारियों की खींचतान के कारण शव कई घंटों तक रेलवे ट्रैक पर पड़ा रहा. बाद में जब सरिया एसडीपीओ को घटना के बाबत जानकारी मिली तो उन्होंने अपने स्तर से थाना पुलिस के सहयोग से शव को ट्रैक से उठवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. आशंका जताई जा रही है कि किसी ट्रेन से गिरकर उक्त व्यक्ति की मौत हो गयी है.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




