
Palamu : झारखंड विकास मोर्चा ने रविवार को पलामू संसदीय लोकसभा कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ पलामू में चुनावी शंखनाद किया. पार्टी सुप्रीमों बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने 2019 में भाजपा को केंद्र व राज्य से उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया. शिवाजी मैदान में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए मरांडी ने भाजपा को निशाने पर लिया. कहा कि भाजपा देश तोड़नेवाली पार्टी है. कानून व संविधान से अपने आप को उपर मानते हुए लोकतंत्र को समाप्त करने में लगी है. आतंक का राज कायम है. उद्योगपतियों के साथ मिलकर सरकार गुंडागर्दी कर रही है. किसानों का जमीन लूटा जा रहा है, महंगाई चरम पर है. गैस, पेट्रोल, केरोसिन आम आदमी की पॉकेट खाली करा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें:गरीबों को इलाज के लिए दर-दर भटकने की जरूरत नहीं : लुइस मरांडी
झाविमो के छह विधायकों को 11 करोड़ रुपये में खरीदा गया
मरांडी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री रोज नया नाटक करते हैं. जिस संसद के चौखट पर माथा टेका था उसी संसद का मजाक बनाकर रखे हुए हैं. विधायकों की खरीद-फरोख्त कर राज्यों में अपनी सरकार बनाने में लगे हैं. झाविमो के छह विधायकों को 11 करोड़ रुपये में खरीदा गया. पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन का भी राजनीतिक फायदा उठाने का काम प्रधानमंत्री ने किया. स्व वाजपेयी के लिए सच्ची श्रद्धांजलि अस्थि कलश यात्रा नहीं विधायकों का खरीद-फरोख्त बंद करना है.
मरांडी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि घर-घर तक जाकर पाखंडी सरकार के पोल को खोलें. गरीबों की चिंता सरकार को नहीं है. रघुवर सरकार तीन साल पूरे होने का जश्न मना रही थी तो राज्य में भूख से कई लोग मर गये. कार्यक्रम की अध्यक्षता व संचालन जिलाध्यक्ष मुरारी पांडेय ने किया. पूर्व मंत्री रामचंद्र केशरी के बेटे विजय केशरी ने झाविमो की सदस्यता ली. मौके पर गढ़वा जिलाध्यक्ष सूरज गुप्ता, योगेंद्र प्रताप सिंह, सरोज सिंह, भुनेश्वर सिंह, राजन मेहता, प्रभात कुमार, संजर नवाज, अनिल पांडेय, छतरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन जायसवाल, राहुल तिवारी सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें:झारखंड के 20 लोगों पर दर्ज देशद्रोह के मामले के खिलाफ दिल्ली में प्रतिरोध मार्च
झूठे विज्ञापन से चुनाव जीतना चाह रही है सरकार : प्रदीप
विधायक दल के नेता सह महासचिव प्रदीप यादव ने कहा कि भाजपा झूठे प्रचार के जरिए 2019 में चुनाव जीतना चाह रही है. प्रचार के माध्यमों पर जनता का पैसा लूटाया जा रहा है. बाबूलाल मरांडी के सीएम रहते विज्ञापन पर डेढ़ करोड़ रूपये खर्च करने का बजट था जो भाजपा शासन में 351 करोड़ रूपया हो गया. काम नहीं करनेवाले होर्डिंग व अखबार के विज्ञापन के सहारे अपना नैया पार करना चाहते हैं. कार्यकर्ता पंचायत, गांव व मुहल्लों में घुमघुम कर लोगों को आगाह करें कि 2014 वाली भूल जनता न दुहराये, कमल छाप का बटन न दबायें. यादव ने कहा कि स्कूलों में ताला लगाया जा रहा है. शराब के दुकान खोले जा रहे हैं. सरकार की उज्वला, फसल बीमा, स्वच्छता अभियान सब पूरी तरह फेल हो चुका है.
इसे भी पढ़ें:वॉलमार्ट के विरोध में ‘भारत व्यापार बंद’ का झारखंड में समर्थन का निर्णय
चुनावी स्टंट है आयुष्मान भारत : दिलीप
झाविमो के युवा नेता दिलीप सिंह नामधारी ने कहा कि आयुष्मान भारत चुनावी स्टंट है. झाविमो के सम्मेलन वाले होर्डिंग पर आयुष्मान भारत का होर्डिंग लगा दिया गया. यह डरी हुई सरकार की निशानी है. नामधारी ने उपायुक्त को निष्पक्ष होकर कार्य करने की बात कही. नामधारी ने कहा कि नेशनल हाईवे से लेकर ग्रामीण सड़क, बिजली व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है. ब्लॉक व थाना में भ्रष्टाचार चरम पर है. हवाई नारेबाजी से चुनाव जीतने की तैयारी चल रही है.




