
Saurav Singh
Ranchi: लॉकडाउन में पुलिस वालों पर हमला करने के लिए भाकपा माओवादी मौका तलाश रहे हैं. सुरक्षाबलों पर हमला करने की साजिश रच रहे हैं. लॉकडाउन के दौरान नक्सलियों के द्वारा चार बार सुरक्षाबलों को हानि पहुंचाने की साजिश रची गयी, हालांकि सुरक्षाबलों ने इसे नाकाम कर दिया.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बिहार-झारखंड के गुरिल्ला जोन के शीर्ष नक्सली कमांडरों द्वारा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए जमीन के अंदर विस्फोटक छुपाकर रखे जा रहे हैं. सुरक्षाबलों के द्वारा खुफिया विभाग की सूचना के आधार पर अभियान चलाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- #CoronaOutbreak: देश में 60 हजार के करीब पहुंची मरीजों की संख्या, 1,981 मौत
सुरक्षाबलों को हानि पहुंचाने की तैयारी में हैं नक्सली
कोरोना संकट में अपने कार्यों से आम जनता का दिल जीत रही पुलिस को नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सली भी नये-नये तरकीब खोज रहे हैं. वे पुलिस को अपनी जाल में फंसाने के लिए तरह-तरह की साजिश रच रहे हैं, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिल पा रही है. क्योंकि झारखंड पुलिस अलर्ट है और पुलिस की सतर्कता की वजह से ही नक्सली अपनी चाल में सफल नहीं हो पा रहे हैं.
मालूम हो कि बीते 31 मार्च को नक्सलियों ने गुमला में भी लातेहार के चंदवा जैसी घटना को दोहराने की कोशिश की थी लेकिन पुलिस ने इसे नाकाम कर दिया था. 13 अप्रैल को खूंटी में पुलिस को नुकसान पहुंचने के लिए नक्सलियों ने विस्फोटक लगा कर रखे थे. जिसे पुलिस ने समय रहते बरामद कर लिया.
चाईबासा जिले में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी द्वारा सोनुवा थाना क्षेत्र के कुइड़ा गांव में 19 अप्रैल की रात एक ग्रामीण की हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस बाल-बाल बच गयी थी. मौके पर जब पुलिस पहुंची, तो शव के पास ही पुलिस को नुकसान पहुंचाने के लिए आइईडी बम लगाया गया था. हांलाकि पुलिस ने बम को डिफ्यूज कर दिया था.
7 मई को पुलिस को उड़ाने की नक्सली साजिश नाकाम को गयी चाईबासा के जोजोदगड़ा के पास से पुलिस ने सड़क पर बिछाये गये पांच शक्तिशाली आइईडी केन बम बरामद किया है. नक्सलियों ने पुलिस को निशाना बनाने के लिए सड़क पर आइईडी बम बिछाया था.
इसे भी पढ़ें- छत्तीसगढ़: पुलिस के साथ मुठभेड़ में चार नक्सली ढेर, एक पुलिस अधिकारी शहीद
प्रतिबंधित माओवादी संगठन भी उठा रहे लॉकडाउन का फायदा
कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए लॉकडाउन का फायदा प्रतिबंधित माओवादी संगठन भी उठा रहे हैं. लॉकडाउन के कारण लोग गांवों में रह रहे हैं और इसका फायदा उठाकर माओवादी गांवों में लगातार बैठ कर रहे हैं.
नक्सली संगठनों के लोग गांव में बैठक कर लोगों से नजदीकियां बढ़ा रहे हैं और अपनी पैठ जमाने में लगे हुए हैं. प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माओवादी के सदस्य लगातार अपनी पैठ बनाने के लिए प्रयासरत हैं.
इसे भी पढ़ें- अमित शाह ने ममता बनर्जी को लिखी चिट्ठी, प्रवासियों की अनदेखी का लगाया आरोप
लॉकडाउन में अन्य नक्सली संगठनों के मुकाबले भाकपा माओवादी की बढ़ी सक्रियता
लॉकडाउन में अन्य नक्सली संगठनों के मुकाबले भाकपा माओवादी की सक्रियता बढ़ी है. छोटे-बड़े कई नक्सली संगठन की सक्रियता लॉकडाउन के दौरान काफी कम हो गयी है. लेकिन भाकपा माओवादी की सक्रियता लगातार देखने को मिल रही है.
27 मार्च: चाईबासा जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र के हरता पंचायत के गुंडरी गांव के ग्राम मुंडा नमन बूढ़ की गला रेतकर हत्या कर दी थी.
31 मार्च: गुमला जिले के विशनपुर थाना क्षेत्र के घाघरा गांव के पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गयी. जिसमें एक इनामी नक्सली मारा गया.
4 अप्रैल: चाईबासा के सोनुआ थाना क्षेत्र के रामचंद्रपोस में नक्सलियों ने पुलिस को चुनौती देते हुए संत पीटर स्कूल हॉस्टेल के एक कमरे को बम से उड़ा दिया. इस दौरान मौके पर नक्सलियों ने वहां हॉस्टल में मौजूद एक युवक नितिन जामुदा को गोली और धारदार हथियार से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था.
4 अप्रैल: चाईबासा के गुदड़ी थाना क्षेत्र के चिरूंग टोला-रेड़ा के पास पुलिस एवं भाकपा माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन महिला नक्सली मारी गयी थी.
9 अप्रैल: चाईबासा के सोनुवा थाना क्षेत्र के पोड़ाहाट जंगल भाकपा माओवादी और सुरक्षा बल के बीच मुठभेड़ हुई. दोनों तरफ सैकड़ों राउंड गोलीबारी हुई. सुरक्षाबलों को भारी पड़ता देख माओवादी घने जंगल का फायदा उठा कर भागने में सफल रहे.
13 अप्रैल: झुमरा पहाड़ के इलाके के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के बिंदी मुरपा के पास पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गयी. दोनों ओर से लगभग आधे घंटे तक गोलियां चलीं. इस दौरान पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे.
8 मई: लॉकडाउन के बीच माओवादियों का तांडव देखने को मिला है. 8 मई की देर रात हथियारबंद माओवादियों ने पिपरा थाना क्षेत्र के चपरवार में क्रेशर प्लांट में लगे 13 वाहनों को आग के हवाले कर दिया.




