ChaibasaDhanbadGiridihJharkhandRamgarh

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर राज्यभर में कई कार्यक्रम आयोजित

Janjatiya Gaurav Divas 2023: झारखंड राज्य स्थापना दिवस, भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस पर राज्यभर मेें कई कार्यक्रम हुए. रामगढ़ में छत्तरमांडू स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान उपायुक्त, रामगढ़ चंदन कुमार, उप विकास आयुक्त रोबिन टोप्पो, अनुमंडल पदाधिकारी शीलवंत कुमार भट्ट सहित जिला स्तरीय वरीय अधिकारियों, अधिकारियों ने छत्तरमांडू स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उपायुक्त  कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए यह संकल्प लेने का दिन है कि हम किस प्रकार झारखंड राज्य को एक विकसित राज्य बनाने में अपना योगदान दें एवं समाज के आखिरी व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाएं.

धनबाद में धरती आबा को श्रद्धांजलि

धनबाद के बैंक मोड़ में बिरसा चौक पर स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर डीसी वरुण रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सहित जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा के चरणों में पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए. श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद डीसी ने झारखंड राज्य स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के शुभ अवसर पर समस्त जिले वासियों को शुभकामनाएं दी.
डीसी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने न्याय के लिए जो लड़ाई लड़ी थी उसे और आगे ले जाने तथा उनके बताएं मार्ग पर चलने की आज हम सब प्रतिज्ञा लेते हैं. साथ ही कहा कि भारतीय इतिहास में भगवान बिरसा मुंडा एक ऐसे नायक थे. जिन्होंने अपने क्रांतिकारी चिंतन से उन्नीसवीं शताब्दी के उत्तरार्द्ध में आदिवासी समाज की दशा और दिशा बदलकर नवीन सामाजिक और राजनीतिक युग का सूत्रपात किया. भगवान बिरसा मुंडा सही मायने में पराक्रम और सामाजिक जागरण के धरातल पर तत्कालीन युग के एकलव्य थे.

चाईबासा में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

चाईबासा बस स्टैंड चौक पर प्रमंडलीय आयुक्त मनोज कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक ‘कोल्हान’ रेंज अजय लिंडा, पश्चिम सिंहभूम जिला उपायुक्त अन्यया मित्तल, पश्चिम सिंहभूम पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, अपर उपायुक्त संतोष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर चाईबासा शशींद्र कुमार बड़ाईक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार खलखो सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी के द्वारा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया.

प्रमंडलीय आयुक्त ने उपस्थित पदाधिकारी और आमजनमानस को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर सभी पदाधिकारी का उत्साह देखकर मन प्रफुल्लित हो उठा है. भगवान बिरसा मुंडा हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है, हमें उनके आदर्शों पर चलना चाहिए.

गिरिडीह में जेएमएम ने मनाई बिरसा जयंती

गिरिडीह जेएमएम कार्यालय में बिरसा जयंती धूमधाम से मनायी गयी. इस दौरान सदर विधायक और गांडेय विधायक ने भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित किया. दोनो विधायक ने मौके पर कहा की भगवान बिरसा मुंडा का जीवन पूरे देश के लिए एक आदर्श से ओतप्रोत है. संघर्ष ने ही बिरसा मुंडा को भगवान का दर्जा दिलाया. जिसका अनुसरण पूरा देश करता है और पूजता है। जयंती समारोह में इस दौरान कई जेएमएम नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.

Related Articles

Back to top button