
Mumbai : महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ाने के लिए सोमवार को एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की. राज्य के राजस्व और आपदा प्रबंधन विभागों द्वारा अधिसूचना जारी की गयी है.
एक अधिकारी ने बताया , ‘‘महामारी कानून की धाराओं और आपदा प्रबंधन कानून के प्रावधानों के तहत पहली अधिसूचना 25 मार्च को जारी हुई थी. यह अधिसूचना 14 अप्रैल तक वैध थी. ’’
उन्होंने बताया, ‘‘चूंकि इस अवधि में कोविड-19 के मामले नहीं घटे इसलिए लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक के लिए बढ़ाया गया है. ’’
इसे भी पढ़ेंः देश को 14 अप्रैल की सुबह 10 बजे संबोधित करेंगे PM मोदी, #LockDown पर हो सकती है घोषणा
महाराष्ट्र में कोविड-19 के 82 नये मामले आये सामने
महाराष्ट्र में सोमवार को कम से कम और 82 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने के साथ ही राज्य में इस बीमारी के मामले बढ़कर 2,064 हो गये. राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.
अधिकारी के अनुसार कोरोना वायरस के नये मामलों में 59 मरीज मुम्बई के और तथा 12 नासिक जिले के मालेगांव तहसील के हैं. उनके मुताबिक इसके अलावा ठाणे से पांच, पुणे से तीन, पालघर से दो और वसाई विरार से एक एक मामला सामने आया है.
महाराष्ट्र के आवास मंत्री जितेन्द्र आव्हाड ने खुद को किया पृथक
महाराष्ट्र के आवास मंत्री जितेन्द्र आव्हाड ने कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए एक व्यक्ति के सम्पर्क में आने के बाद खुद को सबसे अलग करने का सोमवार को फैसला किया. सूत्रों ने बताया कि मंत्री हाल ही में एक पुलिस अधिकारी से मिले थे, जो कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है.
इसके बाद अव्हाड ने एहतियाती तौर पर अगले कुछ दिनों के लिए खुद को पृथक करने का फैसला लिया. अव्हाड ठाणे जिले के कलवा-मुंब्रा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, जहां पिछले कुछ सप्ताह में कई लोग संक्रमित पाए गए हैं.
अव्हाड खुद को पृथक करने वाले राज्य के पहले मंत्री हैं. उन्होंने कुछ दिन पहले लोगों से घर में रहने की अपील करते हुए कहा था कि ऐसा नहीं करने पर इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है.
इसे भी पढ़ेंः जानिए झारखंड के उन दो डॉक्टर्स को जो प्रोफेशन से ऊपर उठकर कर रहे पब्लिक और सरकार की मदद




