
Ranchi : भगवान जगन्नाथ रथ मेला एक जुलाई से शुरू हो रहा है. आयोजन को लेकर रांची के जगन्नाथपुर में तैयारियां जोरों पर हैं. भगवान जगन्नाथ के ऐतिहासिक रथ यात्रा को लेकर नए रथ का निर्माण आखिरी चरण में है. ओडिशा के पुरी से आए कारीगर रथ को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. फिलहाल, भगवान एकांतवास में हैं. एकांतवास में रहने के बाद प्रभु 30 जून को नेत्रदान के बाद आमजन को दर्शन देंगे. मंदिर के गर्भगृह से बाहर आने के बाद स्नान मंडप में श्री भगवान का नेत्रदान होगा. यह अनुष्ठान 30 जून को सुबह साढ़े चार बजे से आरंभ हो जायेगा.
इसे भी पढ़ें: सर! जमीन की हो रही है अवैध रूप से खरीदी-बिक्री, रोकें
सुबह पांच बजे देंगे दर्शन
एक जुलाई को रथ यात्रा के दिन श्री जगन्नाथ स्वामी मुख्य मंदिर में सुबह पांच बजे दर्शन देंगे. दिन के 2 बजे भगवान का दर्शन बंद हो जाएगा. दिन के 2 बजे श्री सुदर्शन, गरूड जी, बलभद्र स्वामी, माता सुभद्रा एवं श्री जगन्नाथ स्वामी रथ के लिए प्रस्थान करेंगे. दिन के 2.30 बजे सभी विग्रहों का श्रृंगार होगा, दिन के 3 बजे भक्तों द्वारा श्री विष्णु सहस्त्रनाम पूजा का शुभारंभ होगा. शाम 4.30 बजे सहस्त्रनाम द्वारा अर्पित पुष्प को भगवान में समर्पण एवं रथ में रस्सी बांधने का कार्यक्रम शुरू होगा.

इसे भी पढ़ें: केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना के बाद टाटा स्टील में एक साल के कंपनी वीर की निकली बहाली
शाम पांच बजे भगवान रथ पर सवार होकर मौसीबाड़ी के लिए प्रस्थान करेंगे
शाम पांच बजे भगवान रथ पर सवार होकर मौसीबाड़ी के लिए प्रस्थान करेंगे. शाम 6 बजे केवल महिलाएं रथ पर भगवान के दर्शन कर सकेंगी. शाम के 6.45 बजे सभी विग्रहों का मौसीबाड़ी मंदिर में प्रवेश होगा. रात 8 बजे सभी विग्रहों का 108 की मंगल आरती होगी. जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति ने रथ मेला के दिन होने वाले पूजा कार्यक्रम को लेकर सूचना जारी कर दिया है.
कोरोना काल में मेले के आयोजन में लग गयी थी रोक
कोरोना काल में इस मेले के आयोजन पर रोक लगा दी गई थी. 2020 और 2021 में मेले का आयोजन नहीं किया गया. इस साल अब धूमधाम से यह रथ यात्रा निकाली जाएगी और व्यापक स्तर पर मेले का आयोजन किया जा रहा है.
तैयारी को अंतिम रूप देने में जुटा जिला प्रशासन
जगन्नाथपुर रथ मेला की सुरक्षा की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने काम करना शुरू भी कर दिया है. मेला परिसर में कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं. बताया जाता है कि मेले में 2 हजार अतिरिक्त पुलिस के जवान तैनात किए जाएंगे. मेला में सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी की जाएगी. वहीं मेला परिसर के चारों ओर सुरक्षा के मद्देनजर ड्रॉप गेट भी बनाए जा रहे हैं.




