National

लोकसभा चुनाव 2019 : दूसरे चरण की वोटिंग जारी, PM ने की वोट करने की अपील

New Delhi : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के लिए गुरुवार को सुबह दूसरे चरण का मतदान शुरू होने के साथ ही युवाओं से मतदान करने की अपील की. उन्होंने ट्वीट किया कि लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज मतदान शुरू हो गया. मैं आश्वस्त हूं कि आज जिन सीटों पर मतदान हो रहा है, वहां मतदाता मताधिकार का प्रयोग करके लोकतंत्र को मजबूत करेंगे.


इसे भी पढ़ें- बिहार की पांच लोकसभा सीटों पर मतदान, चुनावी मैदान में 68 उम्मीदवार 

मोदी चुनाव के दिन आमतौर पर ट्विटर पर लोगों से मतदान केन्द्रों पर आने की अपील करते हैं. उन्होंने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं कि अधिक से अधिक युवा मतदान केन्द्रों पर आएंगे और मतदान करेंगे.

11 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 95 लोकसभा सीटों पर गुरुवार सुबह मतदान शुरू हो गया. ओडिशा की 35 विधानसभा सीटों और तमिलनाडु की 18 विधानसभा सीटों के लिए भी वोट डाले जा रहे हैं.

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में भी गूगल ने बनाया डूडल

सर्च इंजन गूगल ने लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदाताओं को वोट डालने को लेकर प्रोत्साहित करने के लिए गुरुवार को भी डूडल बनाया. यह डूडल भी पहले चरण में बनाए डूडल की तरह ही है और इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है.

सर्च इंजन के मुख्य पृष्ठ पर अंग्रेजी में नीले, लाल, पीले और हरे रंग में गूगल लिखा है. गूगल के हिज्जे के तीसरे अक्षर (अंग्रेजी के) ‘ओ’ पर एक उंगली दिख रही है, जिसके नाखून पर स्याही लगी है. भारत में वोट डालने के बाद यह स्याही मतदाताओं की उंगली पर लगाई जाती है.

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 11 राज्यों और एक केन्द्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 95 सीटों के लिए मतदान हो रहा है. दूसरे चरण में 95 सीटों पर 15.8 करोड़ मतदाता कुल 1635 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे. लोकसभा की 543 सीटों के लिये सात चरणों में चुनाव होना है. मतगणना 23 मई को होगी.

इसे भी पढ़ें- 12 राज्यों की 95 सीटों पर मतदान आज, EVM में कैद हो जाएगी इन नेताओं की किस्मत

Related Articles

Back to top button