National

दंतेवाड़ाः विधायक भीमा मंडावी की हत्या में शामिल वर्गीस समेत दो नक्सली ढेर

Dantewada: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए. जिले के कुवाकोंडा थाना क्षेत्र के धनिकरका और दुवालीकरका के जंगलों में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दो नक्सलियों को ढेर कर दिया.

गश्ती के दौरान मुठभेड़

बताया जा रहा है कि कुवाकोंडा थाना क्षेत्र में डीआरजी और जिला बल का संयुक्त दल गश्त के दौरान जब धनिकरका और दुवालीकरका के जंगलों में था. तभी नक्सलियों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की.

इसे भी पढ़ेंःबैन हटते ही चुनाव आयोग पर बरसीं मायावती, पूछा- सीएम योगी पर मेहरबानी क्यों?

कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से भाग गए. इसके बाद पुलिस दल ने घटनास्थल की तलाशी ली. घटनास्थल से मलांगिर एरिया कमेटी का सदस्य वर्गीस और एक अन्य नक्सली का शव मिला है.

इसके अलावा घटनास्थल से एक भरमार बंदूक और एक 315 बोर बंदूक बरामद हुई है. मुठभेड़ में एक नक्सली के घायल होने की खबर है.

MLA भीमा मंडावी की हत्या में शामिल था इनामी नक्सली वर्गीस

राज्य के नक्सल विरोधी अभियान के महानिदेशक गिरधारी नायक ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए नक्सली वर्गीस के सर पर पांच लाख रूपए का ईनाम था और वह बारूदी सुरंग लगाने में माहिर था.

इसे भी पढ़ेंःबिहार की पांच लोकसभा सीटों पर मतदान, चुनावी मैदान में 68 उम्मीदवार 

नायक ने बताया कि वर्गीस के नौ अप्रैल को कुवाकोंडा थाना क्षेत्र में बारूदी सुरंग विस्फोट की घटना में शामिल होने की सूचना है. इस घटना में दंतेवाड़ा विधायक भीमा मंडावी और चार अन्य पुलिस कर्मियों की मौत हो गई थी.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में एक नक्सली घायल हुआ है. घायल नक्सली को प्राथमिक उपचार के बाद दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

दंतेवाड़ा जिला बस्तर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत है. यहां 11 अप्रैल को मतदान हुआ था. वहीं गुरुवार को राज्य के नक्सल प्रभावित कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा क्षेत्रों में मतदान जारी है.

इसे भी पढ़ेंः12 राज्यों की 95 सीटों पर मतदान आज, EVM में कैद हो जाएगी इन नेताओं की…

Related Articles

Back to top button