
Dhanbad/Bokaro: कोरोना वायरस का पूरे देश में पैर पसारता जा रहा है. इसके रोकने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन लागू है. वहीं इस माहामारी से निपटने के लिए शहर ही नहैं गांवों में भी लोग लॉकडाउन का सख्ती से पालन कर रहे हैं.
ऐसा ही कुछ नजारा बोकारो के पडुवा बस्ती में भी देखने को मिला. यहां लोग लॉकडाउन का पालन कर रहे हैं. इस बस्ती के लोग कोरोना के प्रकोप को रोकने के लिए जागरूक दिख रहे हैं. बस्ती के लोगों ने गांव के प्रवेश द्वार पर बांस लगा दिया है.
इस बस्ती में बाहर के लोगों के प्रवेश पर रोक है. बांस पर लोगों ने एक बैनर भी टांग दिया है. बैनर पर गांव में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक होने की बात लिखी गयी है. गौरतलब है कि पडुवा बस्ती धनबाद बोकारो जिले का सीमावर्ती क्षेत्र है. यह बोकारो जिले में पड़ता है.
इसे भी पढ़ें- #Lockdown: एक महीने में झारखंड को 15000 करोड़ के नुकसान का अनुमान
बस्ती में बेवजह घुसने पर होगी कानूनी कार्रवाई
बताया जाता है कि 30 मार्च से ही पडुवा बस्ती में बाहरी और बेवजह लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है. स्थानीय लोगों ने बांस लगाकर सड़क को पूरी तरह बंद कर दिया है. बस्ती में लोगों के बेवजह घुसने की कोशिश करने पर कानूनी कार्रवाई की बात कही गयी है.
बांस पर एक बैनर भी लटका दिया गया है, जिस पर साफ शब्दों में लिखा गया है कि बस्ती में प्रवेश करना सख्त मना है. साथ ही यह भी लिखा गया है कि सभी लोग लॉकडाउन का पूर्ण रूप से पालन करें. ताकि कोरोना संक्रमण से बस्ती और देश को बचाया जा सके.
इसे भी पढ़ें- रामगढ़ जंगल में जमाती के छिपे होने की थी सूचना, पुलिस छापेमारी के पहले सभी फरार
घर पर रहेंगे तभी तो कोरोना को हरायेंगे
बस्ती के लोगों का कहना है कि जितना ज्यादा से ज्यादा वक्त अपने घरों में रहेंगे, इस महामारी को रोकने में हम उतना ही ज्यादा कामयाब होंगे. इसलिए बस्ती के लोगों ने यह निर्णय लिया कि बस्ती की मुख्य सड़क को ही पूरी तरह बंद कर दिया जाए. ताकि बाहरी लोग गांव में प्रवेश न कर सकें और न ही बस्ती के लोग बेवजह सड़क पर निकलें.
उनका कहना है कि इस तरह की सुरक्षा का पालन करते हुए हम कोरोना महामारी को रोकने में कामयाब होंगे और हमारा भारत सुरक्षित रहेगा. मालूम हो कि धनबाद-बोकारो जिले के कई गांवों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है.
इसे भी पढ़ें- #Lockdown की उड़ रही धज्जियां, पुल के जरिये बेखौफ धनबाद से बोकारो हो रहा आना-जाना, न चेकिंग न ही बैरिकेडिंग




