
Jamshedpur : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना की पुलिस ने शर्मा कंपनी में गार्ड को बंधक बनाकर लाखों की लूट करने के मामले का खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में चोरी का सामान खरीदने वाले दो स्क्रैप टाल संचालक समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया है. इनकी निशानदेही में ताला काटने वाला कटर समेत अन्य सामान और चोरी किए गए मशीनों को भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस ने इस मामले में जोजोबेड़ा शिव मंदिर के पास रहनेवाले राज शर्मा उर्फ नागिन, प्रकाश कुमार ठाकुर, बागबेड़ा निवासी कर्मवीर सिंह, राहुल साहू, अमन कुमार उर्फ किट्टू, सुरेश कुमार उर्फ झंगाड़ी, यशोदा नगर निवासी राजेश कुमार, राहरगोडा निवासी जय कुमार, टाल संचालक मनोज कुमार जायसवाल और विमलेश कुमार सिंह गिरफ्तार किया है.
जानकारी देते हुए एएसपी सिटी सुधांशु जैन ने बताया कि 6 जून की देर रात आरोपियों द्वारा शर्मा कंपनी में घुसकर गार्ड को बंधक बना लिया गया था और वहां से 800 किलो लोहा जिसमें मशीनें भी शामिल थी उसकी लूट कर ली गई थी. इस मामले में कंपनी के संचालक विजय शर्मा के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और अनुसंधान प्रारंभ करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की गई. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 23 मई को रमेश शर्मा की भी कंपनी में इसी तरह लूट की गई थी.लूट के सामान को कंपनी में ही काम करने वाले मजदूरों द्वारा मिनी ट्रक में लोड कर उसे 30 रुपए प्रति किलो के हिसाब से स्क्रैप टाल में बेच दिया जाता था. पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.




