DhanbadJharkhandRanchi

फरार MLA ढुल्लू महतो की तलाश में देर रात रांची-धनबाद में पुलिस की छापेमारी

Ranchi: फरार चल रहे बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो की तलाश में पुलिस ने रांची और धनबाद में छापेमारी की. पुलिस की अलग-अलग टीम ने रविवार की देर रात ढुल्लू की तलाश में छापेमारी की.

एक टीम ने ढुल्लू के धनबाद चिहाटी स्थित आवास पर छापेमारी की तो वहीं पुलिस की दूसरी टीम ने रांची में ढुल्लू के आवास पर छापेमारी की. हालांकि पुलिस को ढुल्लू महतो का कोई पता नहीं चला.

कई राज्यों में छापेमारी कर चुकी है पुलिस

राज्य में झामुमो की सरकार बनने के बाद धनबाद पुलिस का रंग-रूप बदला-बदला सा दिख रहा है. पिछले कई वर्षों से बाघमारा में एकछत्र राज करने वाले विधायक ढुल्लू महतो पर कई संगीन मामले होने के बाद भी धनबाद पुलिस उनके खिलाफ एफआइआर तक दर्ज करने से परहेज करती थी.

वहीं अब उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तार के लिए पुरजोर कोशिश की जा रही है. पुलिस ने ढुल्लू की तलाश में कई राज्यो में छापेमारी भी की. इसके बावजूद पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं.

इसे भी पढ़ें- रांची: कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत के 17 घंटे बाद दफनाया गया शव

गिरफ्तारी के डर से छुपते चल रहे ढुल्लू

गिरफ्तारी के डर से छुपते चल रहे भाजपा विधायक ढुल्लू महतो को हाइकोर्ट से राहत नहीं मिली है. फिलहाल ढुल्लु महतो फरार हैं. ढुल्लू की गिरफ्तारी के लिए 19 फरवरी को उनके चिटाही स्थित आवास को पुलिस ने छावनी में बदल दिया था. लेकिन इससे पहले ही ढुल्लू फरार हो गये थे. जिसके बाद से ही पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे थे.

धनबाद चिहाटी स्थित आवास पर छापेमारी कर रही पुलिस.

आखिर ढुल्लू को देर रात शुरू हुई पुलिसिया कार्रवाई की भनक कैसे लग गयी कि वे आधी रात को घर से फरार हो गये. कतरास थाना कांड संख्या 178 /2019 के तहत दर्जन भर से ज्यादा पुलिस कर्मी बड़े अधिकारियों के साथ ढुल्लू महतो की गिरफ्तारी के लिए बाघमारा के चिटाही पहुंचे थे.

करीब आधे घंटे की जद्दोजहद के बाद भी उनके घर पहुंची धनबाद पुलिस ढुल्लू को गिरफ्तार नहीं कर सकी क्योंकि इससे पहले ही वो फरार हो गये थे. हालांकि पुलिस ने औपचारिकता निभाने के लिए ढुल्लू के आवास की गहनता से तालाशी ली थी.

इसे भी पढ़ें- #CoronaDeath : जमींदोज़ होने को करना पड़ रहा घंटों इंतज़ार, दो गज ज़मीन भी मयस्सर नहीं

जमानत याचिका को हाइकोर्ट ने किया था खारिज

पूर्व भाजपा नेत्री से यौन शोषण के मामले में बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो की अग्रिम जमानत याचिका झारखंड हाइकोर्ट से खारिज हो गयी थी. 8 अप्रैल को जस्टिस एके चौधरी की अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी.

रविवार देर रात ढुल्लू महतो की खोज में उसके घर पहुंची पुलिस.

इस मामले में पीड़िता ने 23 नवंबर 2018 को कतरास थाना में ढुल्लू महतो के खिलाफ लिखित शिकायत की थी. 4 अक्टूबर 2019 को कतरास थाना में ढुल्लू महतो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी.

पीड़िता ने पुलिस को दिये बयान में कहा था कि 13 नवंबर 2015 को विधायक ढुल्लू महतो ने उसे बुलाकर दुष्कर्म का प्रयास किया था. पीड़िता ने 15 फरवरी 2020 को अदालत में सीआरपीसी की धारा 164 में बयान दर्ज करा दुष्कर्म करने की कोशिश की बात कही थी.

इसे भी पढ़ें- धनबाद : बेवजह सड़कों पर तफरी कर रहे लोगों पर प्रशासन का डंडा, मिल रहा है उठक-बैठक का दंड, देखें वीडियो  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button