
Ranchi: 6 दिनों रिमांड अवधि पूरी होने के बाद जमीन कारोबारी शेखर कुशवाहा की शुक्रवार को पीएमएलए कोर्ट में पेशी हुई. आज ईडी ने फिर से उससे पूछताछ की आवश्यकता बताते हुए 5 दिनों की और रिमांड देने की मांग की. ईडी ने अब तक उसे दो बार तीन-तीन दिनों की रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की है. दरअसल, जमीन घोटाला मामले में शेखर कुशवाहा के ठिकाने पर ईडी दो बार 22 अप्रैल 2023 एवं 16 अप्रैल 2024 को छापेमारी कर चुकी है. हीनू स्थित जोनल कार्यालय में पूछताछ के लिए उसे बुलाया गया था, इसके बाद लंबी पूछताछ के बाद संतोष जनक जवाब नहीं मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया था. शेखर कुशवाहा बड़गाई अंचल के गाड़ी मौजा के 4.83 एकड़ जमीन की खरीद बिक्री में शामिल है. शेखर कुशवाहा ने अपने सहयोगी प्रियरंजन सहाय, सद्दाम हुसैन, विपिन सिंह, इरशाद अंसारी, अफसर अली के साथ मिलकर राजस्व कर्मी भानु प्रताप प्रसाद की मिलीभगत से वर्ष 1971 की फर्जी सेल डीड तैयार की थी. कोलकाता के रजिस्ट्री कार्यालय में रखें मूल दस्तावेज से छेड़छाड़ कर इस सेल डीड को तैयार किया गया था. 4.83 एकड़ जमीन एक भोक्ता परिवार का है, जिसका नाम बदलकर दूसरे के नाम से सामान्य प्रकृति का जमीन बनाया गया था. इसके बाद 22.61 करोड़ की जमीन को 100 करोड रुपए में बेचने की तैयारी थी.




