
Ranchi : लंबे अरसे से अस्वस्थ चल रहे लालू प्रसाद की किडनी की बीमारी और बढ़ गयी है. उन्हें किडनी की जांच के लिए बुधवार को रिम्स के यूरोलॉजी डिपार्टमेंट ले जाया गया. चिकित्सकों और सहायकों की सहायता से उन्हें रिम्स के पेइंग वार्ड से अस्पताल के कार्डियोलॉजी बिल्डिंग के पांचवे तल्ले में जांच के लिए ले जाया गया.
इस दौरान रिम्स के अधीक्षक के साथ बरियातू थाना के पुलिस कर्मी भी मौजूद थे. लालू प्रसाद की किडनी ठीक से काम नहीं कर रही है. उनके डॉक्टर उमेश प्रसाद पहले ही बता चुके हैं कि उनकी किडनी मात्र 25 प्रतिशत ही काम कर रही है. उनका स्वास्थ्य लगातार गिरता जा रहा है.
डॉ प्रसाद के मुताबिक लालू प्रसाद के स्वास्थ्य में जल्द सुधार नहीं होता है तो उन्हें डायलिसिस की जरूरत पड़ सकती है. किडनी की बीमारी के अलावा उन्हें ब्लड प्रेशर सहित कई अन्य दूसरे रोग भी हैं. चिकित्सक लगातार उनकी स्थिति पर नजर रख रहे हैं.
गौरतलब है कि लालू प्रसाद चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता हैं. उनकी जमानत की अर्जी पर अदालत में अगले साल जनवरी में सुनवाई होगी.




