
Ranchi : रांची में शनिवार को चौथी इंटरनेशनल रेस वॉक प्रतियोगिता आय़ोजित हुई. इसमें संदीप, राहुल औऱ प्रियंका ने ओलंपिक के साथ-साथ वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर लिया है. संदीप महेंद्रगढ़ (हरियाणा) के हैं. किसान पुत्र हैं. भारतीय सेना में सेवा भी दे रहे हैं.
राहुल भी आर्मी से जुड़े हुए हैं. प्रियंका कंडक्टर पिता की बेटी हैं. रेलवे में सेवा दे रही हैं. किसान पुत्र और कंडक्टर की बेटी का ओलंपिक के लिए टिकट पाना मिसाल बन कर उभरा है.
दोनों गुदड़ी के लाल बन कर सामने आये हैं. अब उनसे आस है कि टोक्यो ओलंपिक में पोडियम पर टॉप पर खड़े होकर मेडल हासिल करके देश का तिरंगा भी लहरायेंगे.
इसे भी पढ़ें : हिटमैन रोहित शर्मा का धमाकेदार शतक, जानिये सुनील गावस्कर को किस मामले छोड़ा पीछे
टोक्यो और पेरिस में अब दिखाना है हुनर
मोरहाबादी में हुए 8वीं नेशनल और चौथे इंटरनेशनल रेस वॉक में हरियाणा के संदीप कुमार और राहुल ने 20 किमी वॉक कंपटिशन में टोक्यो ओलंपिक के साथ साथ 2024 में पेरिस में होने वाले वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए भी क्वालिफाई किया है.
संदीप कुमार ने 1 घंटा 20 मिनट 16 सेकंड का समय निकाल कर 20 किमी रेस वॉक के लिए योग्यता हासिल की जबकि राहुल ने 1 घंटा 20 मिनट 26 सेकंड का समय लिया. यूपी की प्रियंका गोस्वामी भी इस लिस्ट में है.
उसने 20 किमी वॉक स्पर्धा में नेशनल रिकॉर्ड (महिला) भी बनाया है. अब ये तीनों खिलाड़ी खेलों के सबसे बड़े प्लेटफॉर्म पर भारत के लिए खेलेंगे.
इसे भी पढ़ें : पड़ोसी ने कुत्ते को गाली दी तो चाकू घोंप कर मार डाला
लकी रहा रांची में वॉकिंग
यूपी रोडवेज के कर्मचारी (कंडक्टर) मदन गोस्वामी की बेटी हैं प्रियंका गोस्वामी. मेरठ की रहनेवाली प्रियंका (24 साल) अपने माता-पिता और एक छोटे भाई के साथ मेरठ में रहती हैं. हालांकि रेलवे कर्मचारी होने के नाते वे बरेली में अपनी सेवाएं दे रही हैं.
न्यूज विंग से बातचीत में प्रियंका ने बताया कि 2011 से उनकी स्पोर्टस एक्टिविटी शुरू हुई थी. शुरुआती दौर में उनका रुझान जिमनास्टिक के लिए था. पर एथलेटिक्स में किसी और खेल के लिए रुचि थी. ऐसे में मेरठ में जिला स्तर पर हुए रेस वॉक में अच्छा परफॉर्मेंस करने के बाद इसी खेल में लगातार अभ्यास शुरू किया.
रोज घर से 8 किमी दूर स्थित एक स्टेडियम में प्रैक्टिस करने जाती रही. पिता ने पढ़ाई और खेल में अच्छे प्रयास को देखते हुए प्रोत्साहित किया. 2011 में रांची में आयोजित यूथ नेशनल में सिल्वर मेडल पाया था.
इसके बाद से लगातार अलग-अलग नेशनल लेवल पर मेडल लाती रही. अब एक बार फिर से रांची में 8वीं इंटरनेशनल रेस वॉक के लिए रिकॉर्ड के साथ क्वालिफाई करना रोमांचक है.
2 बार ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं संदीप
संदीप कुमार पुनिया के पिता प्रीतम सिंह पुनिया खेतीबारी के कामों में अरसे से लगे हुए हैं. दो भाई और चार बहनों के साथ संदीप ने बचपन से अपने पिता का हाथ बंटाने में मदद की. 2006 में आर्मी में सिपाही के तौर पर नौकरी शुरू की.
ट्रेनिंग के बाद कैप्टन सीताराम से संपर्क हुआ. उन्होंने रेस वॉक में पार्टिसिपेट करने का ऑफर किया. इसके बाद सेना के लिए खेलते हुए अप्रैल 2008 में नेशनल रिकॉर्ड बनाया. इसके बाद अलग-अलग स्तर पर रेस वॉक में अच्छा प्रदर्शन करता रहा.
2013 में मास्को में वर्ल्ड चैंपियनशिप में 25वां स्थान मिला. 2016 के लिए रियो ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई किया था, पर किन्हीं कारणों से इसमें शामिल नहीं हो सके. अब एक बार फिर टोक्यो ओलंपिक में देश के लिए हिस्सा लेने का मौका मिल रहा है.
इसे भी पढ़ें : राहुल गांधी की हरकतों से लोकतंत्र का हुआ अपमान, रद्द की जाये लोकसभा सदस्यताः निशिकांत दुबे




