
Koderma: ढिबरा स्क्रैप मजदूर संघ का धरना 12 वें दिन शुक्रवार शाम को समाप्त हो गया. शुक्रवार को आंदोलनकारियों और प्रशासन के बीच वार्ता के बाद ढिबरा स्क्रैप मजदूर संघ ने शिव वाटिका में आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की. समाहरणालय में डीसी मेघा भारद्वाज और एसपी अनुदीप सिंह, एसडीओ रिया सिंह की उपस्थिति में ढिबरा संघ के नेताओ के बीच बिंदुवार वार्ता हुई. प्रशासन ने ढिबरा को लेकर कानूनी अड़चन सरकार के स्तर से शीघ्र ही दूर कर लेने का भरोसा दिलाया. वहीं संघ के मांगो को लेकर एवं कोडरमा में जीवनयापन का मुख्य साधन ढिबरा पर सकारात्मक पहल तेज करने को लेकर सरकार को पत्र लिखने का आश्वासन ढिबरा मजदूरों को दिया गया. ढिबरा स्क्रैप मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष कृष्णा घटवार ने कहा कि आंदोलन की जीत हुई है. ढिबरा मजदूरों की एकजुटता ढिबरा व्यवसाय का जिंदा रखने में कामयाब हुई है. संघ की प्रमुख मांगो में ढिबरा नीति को लागू करने और कोडरमा में ढिबरा खरीद-बिक्री और भंडारण को लेकर कानूनी स्तर से समाधान निकालने की थी, जिसपर प्रशासन ने सकारात्मक पहल की है. श्री घटवार ने कहा कि प्रशासन से वार्ता काफी सकारात्मक रही है, जिसके आधार पर ढिबरा मजदूरों के हित में आंदोलन को समाप्त किया गया है.
इसे भी पढ़ें: भवन निर्माण मंत्री बसंत सोरेन ने इंजीनियरों की ली क्लास, कहा- मैं फील्ड का आदमी हूं, कोई परेशानी मिली तो आप बख्शे नहीं जाएंगे




