
Kolkata: अनएडेड मदरसा शिक्षकों के विरोध प्रदर्शन को लेकर कोलकाता के धर्मतल्ला में जबरदस्त हाथापाई हुई है. विरोध प्रदर्शन कर रहे मदरसा शिक्षकों को पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो शिक्षक उग्र हो उठे. इसकी वजह से पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. 50 से अधिक शिक्षकों के घायल होने की खबर है.
वेस्ट बंगाल रिकॉग्नाइज अनएडेड मदरसा टीचर्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव असदुज्जमान ने बताया कि आज हम लोगों ने पुलिस को सूचना देकर प्रेस क्लब के पास विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया था. इसमें सैकड़ों शिक्षक आये थे लेकिन पुलिस ने बलपूर्वक हमें हटाने की कोशिश की. हमें जूते से मारे गये, डंडे बरसाये गये हैं.
इसे भी पढ़ें – अंधविश्वास: कोरोना के भय से ‘भौजी साड़ी प्रथा’ के जाल में फंस रहीं महिलाएं
एक तरफ राज्य सरकार सैलरी बढ़ाने समेत अन्य मांगों को पूरा नहीं कर रही है और दूसरी तरफ पुलिस कर्मियों द्वारा लगातार अत्याचार किया जा रहा है. जो 50 लोग घायल हैं उनमें से 7 शिक्षक और 3 शिक्षिकाएं गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
उन्होंने बताया कि राज्य भर के कुल 235 अनुमोदित अनएडेड मदरसों में करीब 40000 छात्र-छात्राएं पिछले 9 सालों से मिड डे मील से वंचित हैं. 2500 शिक्षक शिक्षिकाओं को वेतन नहीं दिया जा रहा. राज्य सरकार से कई बार आश्वासन मिला लेकिन इसे पूरा नहीं किया जा रहा है इसलिए मंगलवार को विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया था.
इसे भी पढ़ें – पलामू: फर्जी डाक्टर भेजा गया जेल, प्रशिक्षु आइएएस ने सात क्लिनिकों में की थी जांच




