
Garhwa : रमकंडा थाना क्षेत्र के हरहे गांव में शुक्रवार की देर शाम एक अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिये गढ़वा भेज दिया. बताया जाता है कि गोतिया के बीच वर्षों से चले आ रहे जमीन विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है.
जानकारी के अनुसार हरहे गांव निवासी गोपाल सिंह अपने घर के समीप खेत से तिल फसल काट कर शुक्रवार की शाम करीब छह बजे गांव के ही चौक पर एक होटल में नाश्ता करने गया था. नाश्ता कर वापस लौटने के समय टेम्पू में छिपे गोतिया के ही आरोपियों ने पीछे से एक गोली मारी, वहीं गोली लगने के बाद उसके मुड़ते ही दोबारा उसके पेट में भी गोली मार दी गई.
इसे भी पढ़ें : रेल यात्री कृपया ध्यान दें, 1 अक्टूबर से लागू होगा नया टाइम टेबल, इन ट्रेनों पर पड़ेगा असर
दो गोली लगने के बाद बेसुध सड़क पर गिरने के बाद धारदार हथियार से उसके शरीर के उपरी हिस्से में वार किया गया. इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतक के पुत्र छोटेलाल सहित अन्य परिजनों ने बताया कि होटल से नाश्ता कर लौटने के दौरान पहले से घात लगाकर सभी आरोपी बैठे थे. उसके गोतिया के शोभनाथ सिंह व सत्यानंद सिंह सहित अन्य लोगों ने मिलकर गोली मार दी और हथियार लहराते हुए चलते बने.
इस संबंध में पूछे जाने पर रमकंडा थाना प्रभारी सुरजीत चौधरी ने कहा कि जमीन विवाद में घटना को अंजाम दिया गया है. इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है. जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
इसे भी पढ़ें : रांची : मॉर्निंग वॉक पर निकली थी महिला, अपराधियों ने गले से झपटा सोने की चेन




