News Wing
Ramgarh, 08 October: रामगढ़ कोलियरी क्षेत्र में नक्सली संगठन टीएसपीसी ने अपना पांव जमाने की कोशिश शुरू कर दी है. टीएसपीसी ने रामगढ़ के सीसीएल इलाके में पर्चा साटकर दहशत फैलाने की कोशिश की है. संगठन ने भुरकुंडा लोकल सेल, कुजू समेत कई क्षेत्रों में पर्चा चिपकाया है और लोकल सेल के ट्रांसपोर्टरों, सीसीएल की सभी कोलियरी, डिपो होल्डरों एवं टाटा के घाटो कोलियरी सहित जिले के सभी स्टील प्लांट, पावर प्लांट, स्पंज आयरन प्लांट, हॉट कोक फैक्ट्री मालिकों को काम बंद करने का फरमान सुनाया है. टीएसपीसी के पूर्वी जोनल कमेटी का आदेश को नहीं मानने वालों पर कड़ी कार्रवाई और दंड देने की धमकी दी गयी है.
सीसीएल इलाके में कई जगह चिपकाया गया पर्चा, दहशत में लोग
टीएसपीसी ने पर्चे में संगठन का नारा और आदेश जारी किया है. पर्चे में लिखा है कि मार्क्सवाद, लेनिनवाद और माओ के विचारधारा पर टीएसपीसी के नेतृत्व में चल रहे शस्त्र आंदोलन में आम जनता कूद पड़े हैं. संगठन ने जनता को बिजली, पानी, रोजगार समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है. वहीं गिद्दी, तोपा, तापीन, परेज, घाटो के कोलियरियों, फैक्ट्रियों के कर्मचारियों को अविलंब काम बंद करने का आदेशदिया गया है. पोस्टर को लेकर लोकल सेल ट्रांसपोर्टरों सहित संबंधित लोगों में दहशत का माहौल है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.




