
Koderma : सोमवार को तिलैया थाना क्षेत्र के महतो आहर के पास ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गयी. युवक की पहचान भोंडो निवासी अरुण साव (पिता दुर्गा साव उम्र लगभग 25 वर्ष) के रूप में हुई है.
बताया जाता है कि युवक दुकान चलाता था और हर दिन की तरह दुकान के लिए समान लाने तिलैया गया था. महतो आहर के पास ट्रक संख्या जेएच 12 एच 8087 ने स्कूटी सवार को अपने चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
ग्रामीणों के सहयोग से युवक को इलाज के लिए निजी क्लीनिक ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गयी. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ रांची-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी द्वारिका राम, एएसआई सुखदेव मुर्मू द्वारा लोगों को समझाकर जाम हटाया गया.
इसे भी पढ़ें : गिरिडीहः डायन-बिसाही और महिला से मारपीट का आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर, बीजेपी नेताओं के साथ बैठक में मौजूद




