
Koderma: कांवर पदयात्रा के रजत जयंती पर सावन की चौथी सोमवारी में झरनाकुंड से जल उठाकर लगभग डेढ़ लाख से अधिक की भारी संख्या में भक्त शिव की धुन पर नाचते-गाते ध्वजाधारी धाम पहुंचे. वैसे तो पूरा अभ्रकांचल केसरिया रंग में रंगा नजर आया, झुमरीतिलैया के झरनाकुंड से कोडरमा स्थित ध्वजाधारी धाम तक भक्तों का सैलाब उत्सव को भव्य बनाता रहा. सुहाने मौसम और रिमझिम बूंदों के बीच शिव के गगनचुंबी नारों के साथ ध्वजाधारी धाम पहुंच भक्तों ने 777 सीढ़ियां चढ़कर बाबा का अभिषेक किया. झुमरीतिलैया नगर के धार्मिक संगठन श्रीराम संकीर्तन मंडल के तत्वावधान में रजत जयंती पर निकली कांवर पदयात्रा ऐतिहासिक साबित हुई. डोमचांच प्रमुख सत्यनारायण यादव, कोडरमा नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष पप्पू मेहता, समाजसेवी अभिषेक पांडेय ने नारियल फोड़ते हुए झंडा दिखाकर पदयात्रा का उद्घाटन किया. इधर ध्वजाधारी धाम पहुंचीं केंद्रीय मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी तथा विधायक नीरा यादव ने झरनाकुंड में पूजा अर्चना की. झरनाकुंड से जल लेकर कांवरियों का जत्था सुबह 4 बजे से निकलना शुरू हुआ. लगातार 3 बजे दिन तक रांची-पटना रोड स्थित ध्वजाधारी धाम पहुंचकर बाबा भोले शंकर पर जलाभिषेक किया. कांवर पदयात्रा में श्रद्धालु झांकी में जीवंत शिव पार्वती के गीतों पर झूमते चल रहे थे. यहां के अलावा मोरियांवा, तिलैया बस्ती, चुटियारो, करमा और चाराडीह से भी अलग-अलग टोलियों के द्वारा झांकी के साथ पदयात्रा निकाली गई. पदयात्रा के दौरान करीब 8 घंटे तक झुमरीतिलैया से कोडरमा तक पूरा रांची-पटना रोड महिला-पुरुष श्रद्धालुओं से पटा रहा. भीड़ के कारण जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्रीराम संकीर्तन मंडल के अध्यक्ष मुन्ना भदानी, सचिव अरविद चौधरी, कार्यक्रम संयोजक बबलु सिंह , राकेश कपसिमें, मनोज साव, राजेश कपसिमे, सत्येंद्र सिन्हा, विशाल भदानी, सुजय सिंह, पीयूष सिंह, लखन सिंह, विक्की केसरी, अमित कुमार, राहुल सिंह, राजेश कपसीमे, प्रदीप कसेरा, सतेंद्र सिन्हा, नितिन मिश्रा, बसंत गुप्ता, ज्योति पहाड़ी, अरविंद एकघरा, समेत मंडल के कई सदस्य व अन्य लगे थे.

अस्थायी कंट्रोल रूम बनाये गये
कोडरमा ध्वजाधारी धाम में अस्थायी कंट्रोल रूम बनाया गया था. कांवर पदयात्रा को लेकर डीसी मेघा भारद्वाज, एसपी अनुदीप सिंह, एसडीओ रिया सिंह, डीटीओ विजय सोनी, एसडीपीओ जीत वाहन उरांव, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार, सीओ रामप्रवेश कुमार, नगर प्रशासन झुमरी तिलैया अंकित गुप्ता सहित कई प्रशासनिक अधिकारी पदयात्रा पर स्वयं नजर बनाये हुए थे. पदयात्रा में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चप्पे-चप्पे पर एनसीसी कैडर के बालक एवं बालिकाएं मुस्तैद दिखे.




