JharkhandKoderma

कोडरमा: झोलाछाप चिकित्सक ने लगायी सूई और मरीज की हो गयी मौत

Koderma: झुमरीतिलैया शहर के बजरंग नगर चौक स्थित एक क्लिनिक में इलाज कराने पहुंचे व्यक्ति को झोलाछाप चिकित्सक ने इंजेक्शन लगाया और इसके कुछ देर बाद उसकी ही मौत हो गई. मृतक की पहचान 45 वर्षीय सफाई कर्मी संजय डोम पिता स्वर्गीय बाबूलाल डोम निवासी छठ तालाब के बगल बजरंग नगर के रूप में हुई है. परिजनों ने आरोप लगाया कि बजरंग नगर चौक पर द्विवेदी मेडिकल हॉल सह क्लिनिक चलाने वाले झोलाछाप डॉ सतीश प्रकाश द्विवेदी द्वारा गलत इलाज किए जाने की वजह से संजय की मौत हुई है. घटना के बाद परिजन और आक्रोशित लोगों ने बांझेडीह प्लांट जाने वाले गौशाला रोड को जाम कर दिया. करीब तीन घंटे बाद तिलैया पुलिस द्वारा समझाने-बुझाने पर आक्रोशित लोग शांत हुए और जाम हटाया. वहीं इस घटना के बाद कथित झोलाछाप चिकित्सक एसपी द्विवेदी क्लिनिक बंद कर फरार है. मृतक संजय डोम की पत्नी अनिता देवी ने बताया कि उनके पति को सर्दी, खांसी और बुखार था. बुधवार दो बजे के बाद वह पति के साथ बजरंग नगर चौक पर स्थित डॉ द्विवेदी के क्लिनिक में पहुंची. यहां पहले सौ रुपये फीस लिया गया, फिर कहा गया कि बिना इंजेक्शन के मरीज ठीक नहीं होंगे. इसके बाद इंजेक्शन दिया गया जिसके कुछ देर बाद मेरे पति बेहोश होने लगे और कुछ मिनट में उनकी जान चली गई. मृतक की पत्नी ने कहा कि उनके परिवार में एक बेटा और बेटी है. घर की पूरी जिम्मेवारी पति उठाते थे, घटना के बाद हम सड़क पर आ गए हैं. घटना के बाद शुरू में तो परिजन शव को घर ले गए, पर कुछ देर बाद शव के साथ बजरंग नगर चौक पहुंचे और क्लिनिक के सामने शव को रख सड़क जाम कर दिया. करीब तीन घंटे बाद पुलिस के समझाने के बाद जाम हटाया गया है. वहीं मृतक के शव को अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है.

इसे भी पढ़ें: कोडरमा: आर एंड आर पॉलिसी एवं सीएसआर को लेकर हुई बैठक, विस्थापितों को शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधा देने का निर्देश

Related Articles

Back to top button