
कोडरमा: जिले के बगड़ो गांव में जेसीबी मालिक ने अपने ही जेसीबी चालक की पत्नी के साथ दुष्कर्म किया और फरार हो गया। घटना को लेकर पीड़िता ने डोमचांच थाना में लिखित शिकायत भी दर्ज करवाई है। दिए आवेदन के माध्यम से पीड़िता ने बताया कि उनके पति गांव के ही नंदलाल पंडित का जेसीबी चलाने का काम करते हैं। शुक्रवार को उनके पति कुछ काम से बरकट्ठा गये हुए थे। वहीं उनकी सास और ननद खेत पर गयी थी। इस दौरान पीड़िता अपने बच्चे के साथ घर पर सो रही थी, तभी घर में नंदलाल पंडित पहुंचा और अकेले देख उसने चाकू का भय दिखा कर इनके साथ दुष्कर्म किया और इस संबंध में किसी को बताने पर बच्चे को जान से मारने की धमकी दी।
इधर जब नंदलाल घटना के बाद घर से निकल ही रहा था कि इनकी सास और ननद घर पहुंच गई। पीड़िता की सास और ननद ने नंदलाल को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन नंदलाल किसी तरह से भागने में सफल हो गया। इस दौरान नंदलाल अपना मोटरसाइकिल पीडिता के घर पर ही छोड़ कर भाग गया। इधर शनिवार को पति के बरकट्ठा से वापस लौटने के बाद पीड़िता ने डोमचांच थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई।
आवेदन प्राप्त होते ही डोमचांच पुलिस नंदलाल पंडित के घर गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह फरार हो चुका था। डोमचांच थाना प्रभारी अभिमन्यु कुमार ने बताया कि पीड़िता द्वारा प्राप्त आवेदन के आलोक में मामला दर्ज कर लिया गया है। नंदलाल पंडित फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है।




