
- दुर्घटना संभावित स्थानों पर फाइबर ब्रेकर, बिटुमिनस रंबल स्ट्रीप निर्माण का निर्देश
Koderma : जिला सभागार में बुधवार को उपायुक्त रमेश घोलप की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आहूत की गयी. बैठक में जिले में आये दिन हो रही सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए दुर्घटनाओं के संभावित कारणों पर विचार-विमर्श किया गया.
साथ ही ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने के पश्चात् की गयी आवश्यक कार्रवाई, यातायात व्यवस्था सुगम करने को लेकर उठाये गये आवश्यक कदम, लाइसेंस निलंबन एवं जुर्माना, हिट एंड रन, ड्रिंक एंड ड्राइव से हुई दुर्घटना तथा सड़क सुरक्षा के लिए किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की गयी.
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी भागीरथ प्रसाद ने बताया कि सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए कुछ दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित किया गया है. उपायुक्त ने उक्त स्थानों पर जिला परिवहन पदाधिकारी को संबंधित कार्यपालक अभियंता से समन्वय स्थापित कर बिटुमिनस रंबल स्ट्रीप लगाने का निर्देश दिये.
इसे भी पढ़ें- कोरोना संकट: गृह मंत्रालय की नयी गाइडलाइंस जारी, 31 दिसंबर तक लागू
हिट एंड रन से संबंधित मामलों का एक महीने के अंदर निष्पादन करने का भी निर्देश दिया. होर्डिंग, फ्लैक्स, स्लोगन, साइनेज अन्य माध्यमों से लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देने व प्रेरित करने को कहा. उन्होंने ओवरलोडिंग व तेज रफ्तार से गाड़ी चलानेवाले और ड्रिंक एंड ड्राइव करनेवालों के ऊपर जुर्माना लगाने का निर्देश दिया.
उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और जिला परिवहन पदाधिकारी को सड़क दुर्घटना को रोकने को लेकर लगातार वाहन चेंकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया. मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब, अनुमंडल पदाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी भागीरथ प्रसाद, जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सलकर, जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ मनोज, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार व अन्य मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें- चतरा: भाजपा नेता पर फायरिंग, बाल-बाल बचे, राहगीर को लगी गोली




