
Koderma: एक कोरोना संदिग्ध आइसोलेशन वार्ड से रविवार की देर रात फरार हो गया है. कोडरमा सदर अस्पताल के परिसर स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती एक मरीज के बीती रात फरार होने से पुलिस-प्रशासन की परेशानी बढ़ गयी है.
मिली जानकारी के अनुसार, वह मछरदानी के सहारे नीचे कूदकर भागने में सफल रहा. इधर कोरोना संदिग्ध के भागने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच कर पुलिस ने मामले की छानबीन में शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ेंः#Rajasthan: कोरोना वायरस से चार और मौतें, 123 नये रोगी मिलने से संक्रमितों की संख्या तीन हजार के पार
29 अप्रैल को लाया गया था अस्पताल
मिली जानकारी के अनुसार, कोरोना संदिग्ध को बीते 29 अप्रैल को अस्पताल में लाया गया था. स्वास्थ्य कर्मियों को सूचना मिली थी कि चंदवारा प्रखंड के बिरसोडीह क्षेत्र में कोई अज्ञात युवक भटक रहा है. सूचना के बाद स्वास्थ्य कर्मियों के द्वारा उसे सदर अस्पताल लाया गया. उस शख्स ने बताया था कि वह किसी मालगाड़ी से चढ़कर यहां तक पहुंचा था.
पहले भी की थी फरार होने की कोशिश
मिली जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल को कोरोना संदिग्ध का सैंपल जांच के लिए अस्पताल गया था. इसके बाद उसे डोमचांच स्थित आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया गया था. लेकिन 30 अप्रैल को उसने वहां से भागने का प्रयास किया था. इसके बाद उसे 1 मई को कोडरमा स्थित आइसोलेशन वार्ड में लाकर भर्ती कर दिया गया.
जहां रविवार की देर रात यहां से वह भागने में सफल रहा. अस्पताल प्रशासन को सुबह इसकी सूचना मिली. इसके बाद कोडरमा पुलिस अस्पताल पहुंच कर जांच में जुट गई है.
इसे भी पढ़ेंःइस साल के अंत तक बाजार में आयेगी कोरोना वायरस की वैक्सीन- ट्रंप




