
New Delhi: 26 फरवरी को पाक और पीओके में भारतीय वायुसेना के एयर स्ट्राइक के बाद पाक की ओर से आये लड़ाकू विमानों को खदेड़ने और उन्हें मार गिराने के क्रम में भारतीय वायुसेना के पायलट विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान का विमान मिग 21 हिट होकर पाक अधिकृत कश्मीर में जा गिरा. विमान हिट होने के बाद अभिनंदन ने इजेक्ट किया, पैराशूट के सहारे पर उतरे पर वह पीओके जा पहुंचे. पाक सरकार ने उन्हें जेनेवा संधि के अनुसार वापस सौंपने का फैसला लिया. जब वह वाघा बॉर्डर पर पहुंचे तो उनके साथ कुछ अधिकारी और एक महिला भी खड़ी थीं. जो उनके साथ पैदल चल कर वाघा-अटारी बॉर्डर तक पहुंची थीं. बहुतों के मन में यह सवाल उठा कि आखिर वह महिला कौन हैं.
पाकिस्तान विदेश सेवा की अधिकारी हैं डॉ फरीहा बुगती
कुछ लोगों ने यह कयास लगाया कि यह पाक में तैनात भारतीय अफसरों में से एक हो सकती हैं. पर यह महिला पाकिस्तान विदेश विभाग में भारत मामलों की डायरेक्टर हैं, जिनका नाम डॉ फरीहा बुगती है. डॉ फरीहा बुगती पाकिस्तान विदेश सेवा (FSP) की अधिकारी हैं, जो भारतीय विदेश सेवा (IFS) के समकक्ष है. डॉ फरीहा बुगती भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव मामले को भी देखती हैं. फिलहाल जाधव पाकिस्तान की गिरफ्त में हैं. साल 2017 में जब जाधव की मां और पत्नी उनसे मिलने पाकिस्तान गए थे, तब भी डॉ फरीहा बुगती मौजूद थीं.
इसे भी पढ़ें – संसदीय समिति ने कहा – मारे गये आतंकियों की संख्या को लेकर जारी संदेह को खत्म करे सरकार



