
New delhi: तमिलनाडु में होने वाले विधान सभा चुनाव से पहले सुपरस्टार रजनीकांत (Rajinikanth) बैकफुट पर आ गये हैं. उन्होंने मंगलवार को ट्वीट के माध्यम से कहा कि वो कोई राजनीतिक दल नहीं बनाने जा रहे हैं. हालांकि, तमिलनाडु के लोगों के लिए आगे भी काम करते रहेंगे.
रजनीकांत (Rajinikanth) ने अपने बयान में कहा कि बीते दिनों उनकी तबीयत खराब हो गयी थी, वो इसे भगवान का इशारा मानते हैं. इसी के चलते वे राजनीतिक पार्टी नहीं बनाने का फैसला करते हैं. रजनीकांत ने कहा है कि वो ऐसा नहीं चाहते हैं कि लोग ये सोचें कि उन्हें बलि का बकरा बनाया गया है.
इसे भी पढ़ें :इरफान की आखिरी फिल्म नये साल में होगी रिलीज, देखें सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मोशन पोस्टर
पहले कहा था 31 दिसंबर को करेंगे पार्टी बनाने का ऐलान
बता दें, रजनीकांत (Rajinikanth) की ओर से ऐलान किया गया था कि वो 31 दिसंबर को अपने राजनीतिक दल की घोषणा करेंगे. पार्टी बनाने की इस बात के सामने आने के बाद तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनाव में उनका लड़ना तय माना जा रहा था. कहा जा रहा था कि रजनीकांत मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भी बन सकते हैं.
वहीं बीते दिनों हैदराबाद में फिल्म की शूटिंग के दौरान रजनीकांत (Rajinikanth) की तबीयत बिगड़ गई. तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल से उन्हें बीते दिन ही छुट्टी मिली है.
2021 में होना है तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव
गौरतलब है कि रजनीकांत काफी लंबे वक्त से ही राज्य में अपने समर्थकों और फैन क्लब के सदस्यों के साथ बैठक कर रहे थे. इसमें राजनीति में एंट्री करने की बात भी सामने आयी थी. इस साल के अंत में पार्टी का ऐलान करने का प्लान था, लेकिन अब ये प्लान पूरी तरह बदल चुका है. तमिलनाडु में 2021 में ही विधान सभा चुनाव होने हैं. डीएमके, AIADMK, कांग्रेस, बीजेपी चुनाव में मुख्य पार्टी होंगी. इसके अलावा इस बार कमल हासन की पार्टी भी चुनावी मैदान में होगी.
इसे भी पढ़ें :जमशेदपुर में जमीन कारोबारी की गोली मारकर हत्या




