
Ranchi: विधानसभा में भोजनावकाश के बाद पूर्व स्पीकर और भाजपा विधायक सीपी सिंह ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष को सरकारी मकान देने सहित अन्य सुविधा देने का मामला उठाया. उन्होंने कहा कि संसदीय परंपरा के अनुसार स्पीकर के चुनाव के समय कोई राजनीतिक दल कैंडिडेट खड़ा नहीं करता है. उन्होंने कहा कि कई राज्यों में यह व्यवस्था है कि पूर्व स्पीकर को कई सरकारी सुविधाएं दी जाती हैं. उन्होंने पूर्व स्पीकर को एक सरकारी आवास, एक सहायक और एक चालक देने की मांग की और इसके लिए एक कमिटी बनाने की भी मांग की. इसपर संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने सदन को जानकारी दी कि दूसरे राज्यों में पूर्व स्पीकर को सुविधा देय है. इसपर उन्होंने कमिटी बनाने पर स्पीकर से आग्रह किया. स्पीकर रविन्द्र नाथ महतो ने भी कमिटी बनाने पर सहमति प्रदान की. भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही ने स्पीकर से आग्रह किया कि पूर्व स्पीकर को सुविधा देने के लिए जो कमिटी बने वही कमिटी विधायकों के वेतन भत्ता बढ़ाने का भी विचार करे.




