
NewDelhi : कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस के 11 विधायक इस्तीफा देने के बाद प्राइवेट जेट से मुंबई चले गये. उन्हें फाइव स्टार होटल सोफिटेल में ठहराया गया है. जान लें कि गठबंधन सरकार 13 महीने बाद 13 विधायकों के इस्तीफे से संकट में आ गयी है. शनिवार को कांग्रेस के 10 और जेडीएस के तीन विधायकों ने विधासनभा स्पीकर के कार्यालय में अपने इस्तीफे सौंप दिये.
118 विधायकों के साथ चल रही कांग्रेस-जेडीएस सरकार के पक्ष में अब 105 ही विधायक है. दूसरी तरफ मुख्य विपक्षी दल भाजपा भी 105 सीटों पर ही काबिज है. कर्नाटक में भाजपा के सरकार बनने के आसार बढ़ गये हैं , क्योंकि सोमवार को 5- 6 और विधायकों के इस्तीफे देने की चर्चाएं हैं.
इस क्रम में सूबे के पूर्व सीएम और भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा ने कहा है कि इस पर अभी इंतजार करना होगा. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, आप राजनीतिक घटनाक्रम के बारे में जानते हैं. मैं अभी तुमकुर जा रहा हूं और शाम को 4 बजे लौटूंगा. देखिए और इंतजार कीजिए. कहा कि मैं कुमारस्वामी और सिद्धारमैया के बयानों के बारे में कुछ नहीं कहना चाहता. उधर विधानसभा स्पीकर रमेश कुमार ने कहा है कि रविवार को अवकाश है और सोमवार को वह छुट्टी पर रहेंगे.
ऐसे में मंगलवार को विधायकों के इस्तीफों पर विचार करेंगे. इस बीच कांग्रेस विधायकों को पाले में लाने में जुटी है, लेकिन इस्तीफा देने वाले 13 विधायकों में से 11 स्पेशल फ्लाइट से मुंबई चले गये हैं और एक लग्जरी होटल में ठहरे हैं. इस बात के साफ संकेत हैं कि 105 विधायकों वाली भाजपा 224 सदस्यीय विधानसभा में सरकार गठन की ओर बढ़ सकती है.
इसे भी पढ़ें- तेजस्वी के नेतृत्व में राजद लड़ेगा बिहार विधानसभा चुनाव
भाजपा दलबदल कर सरकार गिराने की कोशिश कर रही है : खड़गे
कांग्रेस के सीनियर लीडर मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भाजपा दलबदल कर कर्नाटक में सरकार गिराने की कोशिश कर रही है. मैं इस गठबंधन सरकार को आगे भी देखना चाहता हूं. जो भी सूचनाएं दी जा रही हैं, वह आधी-अधूरी हैं. सीनियर नेता रामलिंगा रेड्डी को लेकर खड़गे ने कहा कि वह सीनियर नेता हैं और उनकी समस्याओं को सुना जायेगा. कुमारस्वामी सरकार पर यह संकट ऐसे समय पर आया है, जब वह अमेरिका के दौरे पर हैं.
इस बीच सूबे में सरकार बचाने के लिए जेडीएस की बजाय कांग्रेस ही पूरी तरह से सक्रिय है. मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी से बातचीत के बाद राज्य कांग्रेस प्रभारी केसी वेणुगोपाल के नेतृत्व में सीनियर नेताओं ने सोमवार को कैबिनेट की आपातकालीन मीटिंग बुलाई है.
सूत्रों के अनुसार इस मीटिंग में कांग्रेस और जेडीएस के पांच मंत्रियों को इस्तीफा देने के लिए राजी किया जायेगा, ताकि नाराज चल रहे विधायकों को पद देकर संतुष्ट किया जा सके. हालांकि इन प्रयासों से सरकार बचने के आसार नहीं दिखते क्योंकि नाराज विधायक किनारा करने का मन बना चुके हैं.
इस बात की पुष्टि इससे भी होती है कि सीनियर कांग्रेस लीडर और संकटमोचक कहे जाने वाले डीके शिवकुमार बीते कई महीनों से विधायकों को पाले में रखने के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन बात नहीं बनी। यही नहीं वह खुद शनिवार को विधानसभा स्पीकर के दफ्तर भी पहुंचे थे, जहां विधायक इस्तीफा देने के लिए गये थे, लेकिन किसी भी विधायक को मनाने में कामयाब नहीं हो सके.




