
Ranchi : राज्य सरकार ने पारंपरिक ग्राम प्रधानों को मासिक सम्मान राशि देने के लिए पहली किश्त की 12.19 करोड़ जारी कर दी है. इस संबंध में 17 जिलों के उपायुक्तों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से सरकार के फैसले के आलोक में 2019-20 के लिए विभिन्न जिलों के मानकी, ग्राम प्रधान, मुंडा, डाकुआ, परगणैत, पुराणिक, जोगमांझी, कुड़ाम नायकी, नायकी गोड़ैत, मूल रैयत, पड़हा राजा, ग्राम सभा का प्रधान, घटवाल और ताबेदार जैसे पारंपरिक ग्राम प्रधानों को सम्मान राशि दिये जाने का निर्देश दिया गया है.
ग्राम सभा के प्रधानों को एक हजार रुपये और ग्राम प्रधान को दो हजार रुपये की राशि प्रत्येक माह दी जायेगी. सरकार द्वारा जनजातीय इलाकों में ग्राम प्रधानों को सम्मान दिये जाने की परंपरा पिछले कुछ वर्षों से शुरू की गयी है. रघुवर दास सरकार की तरफ से इन परंपरागत ग्राम प्रधानों को स्थापना दिवस के मौके पर भी सम्मानित किया जा चुका है.
इसे भी पढ़ें – राजधानी रांची की 22 किमी लम्बी मुख्य सड़क में 72 गड्ढे, अधिकांश जानलेवा
किन्हें कितनी सम्मान राशि मिलेगी
सरकार के निर्देश के आलोक में मानकी प्रधान को तीन हजार रुपये, मुंडा ग्राम प्रधान को दो हजार रुपये दिये जायेंगे. इसके अलावा डाकुआ, परगणैत, पुराणिक, जोगमांझी, कुड़ाम नायकी,गोड़ैत, मूल रैयत, पड़हा राजा, ग्राम सभाप्रधान, घटवाल और ताबेदार को एक-एक हजार रुपये की सम्मान राशि प्रत्येक माह दी जायेगी.
किस-किस जिले को कितनी राशि भेजी गयी
| जिला | भेजी गयी राशि | |
| पश्चिम सिंहभूम | 1.5 करोड़ | |
| पूर्वी सिंहभूम | 50 लाख | |
| सरायकेला-खरसांवां | 50 लाख | |
| रांची | 50 लाख | |
| गुमला | 30 लाख | |
| खूंटी | एक करोड़ | |
| लोहरदगा | 10 लाख | |
| सिमडेगा | 12 लाख | |
| गढ़वा | 5 लाख | |
| पलामू | दो लाख | |
| देवघर | एक करोड़ | |
| लातेहार | 20 लाख | |
| दुमका | 2.50 करोड़ | |
| गोड्डा | एक करोड़ | |
| जामताड़ा | 55 लाख | |
| साहेबगंज | 1.5 करोड़ |
इसे भी पढ़ें – CNT उल्लंघन मामले में कल्पना सोरेन और जमीन बेचने वाले राजू उरांव को नोटिस




