JharkhandRanchi

विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के खिलाफ चुनाव याचिका में डीसी जामताड़ा ने हाई कोर्ट को सौंपा है चुनाव से संबंधित सीलबंद दस्तावेज, सुनवाई 12 जून को

Ranchi: झारखंड विधानसभा अध्यक्ष सह नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो के निर्वाचन को चुनौती देने वाली संतोष हेंब्रम की चुनाव याचिका में डीसी जामताड़ा कुमुद सहाय ने हाई कोर्ट में सशरीर उपस्थित होकर चुनाव संबंधित सीलबंद दस्तावेज कोर्ट को सौंप दिया है. उन्होंने कोर्ट से बिना शर्त माफी मांगते हुए आगे ऐसी गलती नहीं होने की बात कोर्ट के समक्ष कही है. जिस पर कोर्ट ने उन्हें अगली सुनवाई में उपस्थित होने से छूट प्रदान की.

अब मामले की अगली सुनवाई हाई कोर्ट में 12 जून को होगी. इस मामले में प्रार्थी की ओर से 3 लोगों की गवाही पूरी हो चुकी है. वहीं प्रतिवादी रवींद्रनाथ महतो सहित उनकी ओर से 11 अन्य गवाहों की भी गवाही पूरी हो चुकी है. हालांकि प्रतिवादी रविंद्र नाथ ने चार अन्य सरकारी कर्मियों (ऑफिशियल विटनेस) की गवाही कराने को लेकर कोर्ट में आवेदन दिया है जिस पर अब तक सुनवाई लंबित है.

दरअसल, प्रतिवादी रवींद्रनाथ महतो द्वारा दस्तावेज मंगाये जाने की आग्रह पर कोर्ट ने डीसी जामताड़ा को उक्त दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था. लेकिन उनकी ओर से इन दस्तावेजों को अदालत में प्रस्तुत नहीं किया जा रहा था और समय की मांग की गई थी. जिसपर कोर्ट ने उन्हें दस्तावेज के साथ कोर्ट में सशरीर उपस्थित होने का निर्देश दिया था. साथ ही कोर्ट ने यह भी कहा था कि आदेश का अनुपालन नहीं करने पर उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी.

यहां बता दे कि, प्रार्थी ने चुनाव याचिका में कहा है कि रवींद्रनाथ महतो ने विधानसभा चुनाव के दौरान एक पेंपलेट छपवाया था जिसमें उनके खिलाफ चुनाव में दुष्प्रचार किया गया, जिससे उनका जनाधार खत्म हुआ है. इसलिए रवींद्रनाथ महतो का निर्वाचन रद्द किया जाए.

Related Articles

Back to top button