
Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट ने जज उत्तम आनंद की मौत के मामले पर स्वतः संज्ञान लिया है. गुरुवार को सुनवाई करते हुए झारखंड के डीजीपी और धनबाद के एसएसपी से जवाब तलब किया है. हाईकोर्ट ने इस मामले में सरकार से भी जवाब मांगा है. कोर्ट ने डीजीपी से पूछा, राज्य में ये क्या हो रहा है- क्यों ना इस पूरे मामले की जांच सीबीआई को सौंप दिया जाए. बताते चलें कि सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने भी इस मामले की जांच करने की मांग की है.
इसे भी पढ़ेंः MP निशिकांत दुबे ने TMC सांसद महुआ मोइत्रा पर लगाया ‘बिहारी गुंडा’ कहने का आरोप
सोशल मीडिया पर कैसे पहुंचा फुटेज
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पूछा कि पुलिस कंट्रोल रूम से सीसीटीवी फुटेज बाहर कैसे पहुंचा. सोशल मीडिया पर ये वायरल कैसे हो गया है. इस मामले में भी कोर्ट ने जवाब मांगा है. बताते चलें कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि जज उत्तम आनंद सड़क के बाईं ओर जॉगिंग करते हुए बढ़ रहे थे. उसी वक्त उनके पीछे एक ऑटो आता है. ऑटो अचानक सड़क पर बाईं ओर मुड़ता है और सड़क किनारे जॉगिंग कर रहे जज को तेज रफ्तार में टक्कर मारता है. टक्कर मारने के बाद ये ऑटो रुकता तक नहीं है और खाली सड़क पर तेज रफ्तार से आगे निकल जाता है. घटना का खुलासा तब हुआ जब सीसीटीवी फुटेज सामने आया. इससे पहले लोग इस हादसे को एक दुर्घटना ही समझ रहे थे.
इसे भी पढ़ेंः Tokyo Olympics: चोट के बाद भी सुपर हेवीवेट बॉक्सर सतीश विजयी, जीत सकते हैं मेडल




