
Rana Pratap Singh
Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट ने JPSC (झारखंड लोक सेवा आयोग) को निर्देश दिया है कि अस्सिटेंट कंजरवेटर ऑफ़ फारेस्ट (सहायक वन संरक्षक ) और रेंज फ़ॉरेस्ट ऑफिसर (RFO) की भर्ती परीक्षा का फ़ाइनल परिणाम मई 2026 के अंतिम सप्ताह तक घोषित किया जाए। कोर्ट ने JPSC द्वारा दी गई प्रति शपथपत्र को स्वीकार करते हुए बताया कि सहायक वन संरक्षक पद के लिए प्रारंभिक परीक्षा 13 जुलाई 2025 को और रेंज फ़ॉरेस्ट ऑफिसर के लिए 29 जून 2025 को हुई थी। परीक्षा के बाद मॉडल उत्तर कई चरणों में संशोधित किए गए और अंतिम संशोधित मॉडल उत्तर 25 नवंबर 2025 को प्रकाशित किए गए।JPSC ने बताया कि सहायक वन संरक्षक परीक्षा का मेन्स 6 से 9 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा। जबकि रेंज फ़ॉरेस्ट ऑफिसर का मेन्स 22 से 24 जनवरी 2026 तक होगा। दोनों परीक्षाओं के उत्तरपत्रों का मूल्यांकन और बाद में साक्षात्कार के आधार पर अंतिम परिणाम मई 2026 के अंतिम सप्ताह तक जारी किया जाएगा।कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 11 जून 2026 तक स्थगित करते हुए JPSC को स्टेटस रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया है। जेपीएससी की ओर से अधिवक्ता संजय पिपरवाल एवं राकेश रंजन ने पक्ष रखा। हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने वन विभाग में कर्मियों की कमी से संबंधित कोर्ट के स्वत: संज्ञान पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया।




