Education & CareerJobsLead News

JPSC : नहीं मिली नियुक्ति नियमावली, दो बार आवेदन मंगाने के बावजूद असिस्टेंट इंजीनियर की नहीं हुई परीक्षा

Ranchi : झारखंड लोकसेवा आयोग के पास कई ऐसी परीक्षाओं के आवेदन पड़े हुए हैं, जिनकी परीक्षा होने का इंतजार अब भी उम्मीदवार कर रहे हैं. ऐसी ही एक परीक्षा है असिस्टेंट इंजीनियर की. इस परीक्षा को लेकर छह साल पहले आवेदन मंगाया गया, लेकिन आयोग अब तक परीक्षा नहीं ले पाया है. इस परीक्षा को लेकर विधायक दीपक बिरुआ ने विधानसभा में सवाल उठाया. सरकार की ओर से दिये गये जवाब के मुताबिक यह परीक्षा नियुक्ति नियमावली के पेंच में फंस गयी है.

क्या है विज्ञापन

पथ निर्माण विभाग एवं जल संसाधन विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर की नियुक्ति के लिए दो बार विज्ञापन निकाला गया था. पहली बार विज्ञापन साल 2015 में निकाला गया था. जिसके लिए आवेदन की प्रकिया 28.09.2015 से शुरू हुई थी. आवेदन 14 अक्टूबर तक स्वीकार गये थे. फिर इसके बाद साल 2018 के फरवरी महीने में दूसरी बाद आवेदन भरवाये गये थे. इस बार 01 फ़रवरी से 17 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन भरवाये गये.

यह नियुक्ति परीक्षा संयुक्त सहायक अभियंता विशेष (बैकलॉग) भर्ती परीक्षा के नाम से होनेवाली थी. यह परीक्षा कुल 33 पदों में नियुक्ति के लिए होनी थी. जिसमें 29 पद पथ निर्माण विभाग में थे. और 04 पद जल संसाधन विभाग के थे. दो बार विज्ञापन निकालने और आवेदन मंगवाने के बाद भी परीक्षा लंबित है.

तो इसलिए नहीं हो पा रही परीक्षा

सरकार की ओर से दिये गये जवाब के अनुसार पहली बार नियुक्ति के लिए निकाला गया विज्ञापन बिहार अभियंत्रण सेवा नियुक्ति नियमावली 1991 के नियमों के आधार पर निकाला गया था. इसके बाद झारखंड में 2016 में झारखंड अभियंत्रण सेवा नियुक्ति नियमावली बनी. इस नियमावली के आधार पर दूसरी बार विज्ञापन जारी कर आवेदन मंगवाया गया. पथ निर्माण विभाग ने अनुरोध किया कि नयी नियुक्ति नियमावली से नियुक्ति की जाये. लेकिन अब तक जेपीएससी को यह नयी नियुक्ति नियमावली नहीं मिल पायी है. इसलिए परीक्षा नहीं ली जा रही है.

Related Articles

Back to top button